झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का भाजपा नेताओं पर तीखा हमला, कहा- 18 साल सोए रहे और अब विकास का दिखावा कर रहे हैं
मुख्य बिंदु:
-
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची विधायक सीपी सिंह पर तीखा प्रहार किया।
-
कहा कि भाजपा नेता 18 साल तक विकास नहीं कर पाए, अब केवल फ्लाईओवर पर रेस लगाकर दिखावा कर रहे हैं।
-
हेमंत सोरेन सरकार की विकास योजनाओं की जमकर तारीफ की।
-
कहा कि जनता समझ चुकी है असली मेहनत कौन कर रहा है और कौन सिर्फ दिखावा।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची विधायक सीपी सिंह के बारे में सोशल मीडिया पर एक जोरदार पोस्ट लिखा है, जो अब तेजी से चर्चा में है। उन्होंने सीधे तौर पर भाजपा के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि “18 साल सोए रहे, अब कैमरा लेकर फ्लाईओवर पर रेस लगाने निकले हैं।”

इरफान अंसारी ने लिखा, “संजय सेठ जी और सी.पी. सिंह जी, मज़ा आ रहा है ना विकास की सवारी करके? जिस विकास को रोका, अब उसी पर स्टंट कर रहे हैं।” उनका कहना था कि झारखंड सचमुच बदल रहा है और जो बदलाव भाजपा 18 सालों में नहीं कर पाई, उसका साक्षी आज पूरा रांची बन रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अथक प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि “उनके नेतृत्व में रांची के चारों ओर आधुनिक फ्लाईओवर खड़े हैं। यह वही फ्लाईओवर हैं, जिनका सपना झारखंड ने कई वर्षों से देखा था, लेकिन भाजपा के नेताओं ने केवल इसे टालने और रोकने का काम किया।”

स्वास्थ्य मंत्री ने आरोप लगाया कि जब उनके विभाग ने विकास की ईंट रखी, तब भाजपा नेताओं ने उनका विरोध किया और अफवाहें फैलाईं। अब जब फ्लाईओवर बनकर तैयार हो चुका है, तो वही नेता कैमरा लेकर रेस लगाने निकल पड़े हैं जैसे यह उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि हो।
इरफान अंसारी ने कहा, “मेहनत हमारी, शो ऑफ आपका। जनता सब देख रही है कि जिनके शासन में एक फ्लाईओवर भी नहीं बन पाया, आज वही फ्लाईओवर पर ‘इंस्पेक्शन’ करने आ रहे हैं।”

उन्होंने चेतावनी भी दी कि फ्लाईओवर की ऊँचाई से नीचे झांककर देखना चाहिए, वहां स्वास्थ्य विभाग खड़ा है, जो हर झूठ और दिखावे के खिलाफ सतर्क है। “हम जानते हैं कि आपकी तेज बाइक पर हेलमेट ढीला हो सकता है, लेकिन घबराइए मत, नीचे मैं तैयार खड़ा हूं जनता को गुमराह करने वालों से बचाने के लिए।”
अंत में उन्होंने जनता को याद दिलाया कि असली विकास वही करता है जो लगातार मेहनत करता है, न कि जो केवल दिखावा करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता अब समझ चुकी है कि विकास पर दावा वे कर रहे हैं, जिन्होंने पिछले 18 साल तक विकास का गला घोंटा।
