राज्यपाल बोले- मैं खुद आंदोलनकारी रहा हूं, आंदोलनकारियों की पीड़ा को समझता हूं.

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर विधानसभा चुनाव

झारखंड आंदोलनकारियों की मांगों को लेकर राज्यपाल से मिला प्रतिनिधिमंडल

राजकीय मान-सम्मान और रोजगार की गारंटी की मांग
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल संतोष गंगवार से मिला और झारखंड आंदोलनकारियों के राजकीय मान-सम्मान, अलग झारखंडी पहचान, रोज़गार की गारंटी और जेल जाने की बाध्यता समाप्त करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को मांग पत्र सौंपते हुए सम्मान पेंशन के रूप में सभी आंदोलनकारियों को समान रूप से 50-50 हजार रुपये देने की अपील की। साथ ही, झारखंडियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा को लेकर भी चर्चा की गई।

राज्यपाल ने आंदोलनकारियों की पीड़ा को समझा
प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा, “मैं स्वयं एक आंदोलनकारी रहा हूं और एक वर्ष तक जेल में रहा हूं, इसलिए आंदोलनकारियों की पीड़ा को समझता हूं।” उन्होंने आश्वासन दिया कि झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय मान-सम्मान, अलग पहचान, रोजगार की गारंटी और सम्मान पेंशन मिलनी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे और विधानसभा के बजट अभिभाषण में भी आंदोलनकारियों के मुद्दे को उठाएंगे।

आंदोलनकारियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग
संघर्ष मोर्चा के संस्थापक एवं प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि झारखंड के अनुसूचित क्षेत्रों में आदिम जनजाति, जनजातीय, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्गों के विकास व कल्याण को लेकर लगातार उपेक्षा हो रही है। पलायन, विस्थापन, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदाओं के दोहन व शोषण को रोकने की जरूरत है। उन्होंने भाषा-संस्कृति, डेमोग्राफी और मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चिंता जताई।

पुष्कर महतो ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए और उन्हें जीते जी राजकीय मान-सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी कल्याण कोष और कल्याण बोर्ड के गठन की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन थे?
राज्यपाल से मिलने वाले प्रतिनिधियों में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक एवं प्रधान सचिव पुष्कर महतो, केंद्रीय अध्यक्ष विदेशी महतो, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह कुशवाहा, कोषाध्यक्ष सरोजिनी कच्छप, दक्षिणी छोटानागपुर प्रजामंडल की अध्यक्ष रोजलीन तिर्की, झारखंड आंदोलनकारी युवा मोर्चा के अध्यक्ष ललित नारायण, अनुशासन समिति के सचिव दिवाकर साहू, केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ. राम नंदन मेहता एवं अर्जुन कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *