आज प्रेस को संबोधित करेंगी राज्य निर्वाचन आयुक्त
राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी आज 27 जनवरी को अपराह्न 2:00 बजे रातू रोड स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में प्रेस को संबोधित करेंगी। इस अवसर पर सभी प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों को सादर आमंत्रित किया गया है।
नगर निकाय चुनाव की तारीखों पर संभव है घोषणा
सूत्रों के अनुसार, आज की प्रेस वार्ता में झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तारीखों की घोषणा की जा सकती है। आयोग की ओर से जैसे ही कार्यक्रम जारी होगा, चुनावी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
राजनीतिक दलों ने शुरू की चुनावी तैयारी
हालांकि नगर निकाय चुनाव दलगत आधार पर नहीं कराए जाते, बावजूद इसके राज्य की लगभग सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारने की रणनीति बना ली है। कई क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों की पहचान और संगठनात्मक तैयारी शुरू हो चुकी है।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर मतभेद
नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया को लेकर भी राजनीतिक मतभेद सामने आए हैं। भाजपा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से चुनाव कराने की मांग कर रही है, जबकि राज्य सरकार बैलेट पेपर के माध्यम से चुनाव कराने के पक्ष में है।
प्रेस वार्ता पर टिकी निगाहें
अब झारखंड की सियासत और प्रशासन की नजरें राज्य निर्वाचन आयोग की आज होने वाली प्रेस वार्ता पर टिकी हैं, जहां चुनाव की तारीखों के साथ-साथ प्रक्रिया को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
