मनरेगा से छेड़छाड़ संविधान पर हमला: मंत्री इरफान अंसारी

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर विधानसभा चुनाव

इरफान अंसारी का केंद्र पर हमला

रांची- झारखंड के कैबिनेट मंत्री इरफान अंसारी ने मनरेगा से छेड़छाड़ को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित रैली को ऐतिहासिक बताते हुए अपने विचार सोशल मीडिया पर साझा किए।

इरफान अंसारी ने अपने संदेश की शुरुआत एक शेर से करते हुए कहा कि,

“हालात बद से बदतर हैं,

हर हाथ में पत्थर है,

बच गया वो शीशा,

वही शीशे का मुक़द्दर है।

उन्होंने कहा कि मनरेगा कोई सामान्य सरकारी योजना नहीं, बल्कि गरीब, किसान और मजदूर के सम्मान और रोजगार की संवैधानिक गारंटी है। ऐसे में इसमें किसी भी तरह की छेड़छाड़ सीधे तौर पर गरीबों और संविधान पर हमला है।

डॉ. इरफान अंसारी ने किया PDS की 4G क्रांति का शुभारंभ, 2G सिस्टम को कहा अलविदा

उन्होंने देश के सामाजिक हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि आज दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और अब किसान व मजदूर भी असुरक्षा के दौर से गुजर रहे हैं। अंसारी के मुताबिक यह सब एक जनविरोधी साज़िश का हिस्सा है, जिसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरी है।

मंत्री ने बताया कि झारखंड में कांग्रेस की इस रैली का नेतृत्व पार्टी के प्रभारी के. राजू ने किया, जिसमें राज्यभर से हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि मनरेगा को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा और किसी भी गरीब-विरोधी “काले कानून” को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अपने बयान के अंत में इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीब, किसान और मजदूरों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और यह लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *