Swachhta Hi Seva 2025

झारखंड में ‘स्वच्छता ही सेवा–2025’ अभियान का आगाज़, बोकारो से शुरू हुई पहल.

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर विधानसभा चुनाव

झारखंड में ‘स्वच्छता ही सेवा–2025’ अभियान की शुरुआत

मुख्य बिंदु

  • स्वच्छता केवल सरकार नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी: मंत्री

  • सप्ताह में कम से कम 2 घंटे सफाई के लिए श्रमदान की अपील

  • बोकारो को स्वच्छता में आदर्श जिला बनाने का संकल्प

  • पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

  • बेहतर कार्य करने वाली जल सहियाओं को किया गया सम्मानित


गोमिया से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आगाज़

बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के साड़म से बुधवार को “स्वच्छता ही सेवा – 2025” राज्य स्तरीय अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। अगर लोग स्वयं अपने आस-पास सफाई करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे, तभी यह अभियान सच्चे अर्थों में जन-आंदोलन बन पाएगा।

सप्ताह में 2 घंटे सफाई का श्रमदान

मंत्री ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता शपथ दिलाई और साड़म बाजार में स्वयं झाड़ू लगाकर तथा कचरा उठाकर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के हर नागरिक को सप्ताह में कम से कम 2 घंटे सफाई का श्रमदान करना चाहिए, ताकि समाज में स्वच्छता की आदत विकसित हो।

बोकारो को बनेगा स्वच्छता का मॉडल जिला

कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि झारखंड की आत्मा जल–जंगल–जमीन में है और हमारी चेतना में स्वच्छता। बोकारो पहले से ही अग्रणी जिला है और स्वच्छता के क्षेत्र में भी इसे आदर्श जिला बनाया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि छोटी-छोटी कोशिशें मिलकर बड़े बदलाव ला सकती हैं।

पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण

अभियान के दौरान मंत्री, उपायुक्त और अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि हर व्यक्ति एक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल करे तो हरित और स्वच्छ वातावरण बनाना संभव है।

जल सहियाओं को सम्मान और परिसंपत्ति वितरण

कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली जल सहियाओं को सम्मानित किया गया। मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर प्रोत्साहित किया। साथ ही, विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

स्वच्छोत्सव थीम के तहत श्रमदान

अभियान को सफल बनाने के लिए ‘स्वच्छोत्सव’ थीम के अंतर्गत सामूहिक श्रमदान का आयोजन हुआ। मौके पर मिशन निदेशक मनोहर मरांडी, संयुक्त सचिव पेयजल एवं स्वच्छता, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ, कार्यपालक अभियंता, जिला परिषद सदस्य समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *