शहादत दिवस पर झुके सिर: सुदेश महतो और आजसू नेताओं ने दी निर्मल दा को श्रद्धांजलि
मुख्य बिंदु
-
रांची और जमशेदपुर में एक साथ श्रद्धांजलि कार्यक्रम
-
सुदेश महतो समेत कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति
-
निर्मल महतो के बलिदान को आंदोलन की ऊर्जा बताया
-
आने वाली पीढ़ियों को उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प
रांची, 8 अगस्त 2025 — आजसू पार्टी के संस्थापक और झारखंड आंदोलन के प्रखर सेनानी शहीद निर्मल महतो की जयंती पर आज रांची से लेकर जमशेदपुर तक श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन हुआ। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने निर्मल महतो चौक (रांची), अनगड़ा, सिल्ली, सोनाहातु, तमाड़ और जमशेदपुर स्थित चमड़िया गेस्ट हाउस व समाधि स्थल पर निर्मल दा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
बलिदान ने आंदोलन को दी नई दिशा
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सुदेश महतो ने कहा,
“निर्मल दा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उनकी निष्ठा, साहस और संघर्ष ने झारखंड आंदोलन को नई दिशा दी और राज्य निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।”
संकल्प दोहराया
इस मौके पर पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर समेत अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।
“आप सिर्फ मेरे ससुर नहीं, झारखंड के बाबा थे”– कल्पना सोरेन का संदेश.
झारखंड की पहचान के लिए न्योछावर जीवन
मांडू विधायक निर्मल महतो ने कहा,
“निर्मल दा ने झारखंड की पहचान, सम्मान और अधिकार की लड़ाई के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता
श्रद्धांजलि सभाओं में जिप अध्यक्ष निर्मला भगत, दीपक महतो, शहजाद आलम, परवाज़ खान, इम्तियाज अहमद नज़मी, डॉ. पार्थ परितोष, बसंत महतो सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।