झारखंड में शीतलहर का प्रकोप, रांची समेत कई जिलों में तापमान लुढ़का
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के सभी प्रकार के सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों को 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।
उत्तर भारत की बर्फबारी का असर, झारखंड शीतलहर की चपेट में
दरअसल, उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडी हवाएं झारखंड तक पहुंच रही हैं। इसके परिणामस्वरूप पूरा झारखंड इन दिनों शीतलहर और घने कोहरे की चादर में लिपटा हुआ नजर आ रहा है।
सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम हो गई है, वहीं ठंडी हवाओं के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सुबह के समय कोहरे की तीव्रता इतनी अधिक रहती है कि सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा, शाम के समय भी ठंडी हवाओं के साथ कनकनी बढ़ जाती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तापमान में उतार-चढ़ाव का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार,
अगले दो दिनों तक राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है।
वहीं तीसरे दिन से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
हालांकि, सुबह के समय घना कोहरा और शाम को ठंडी हवाएं फिलहाल बनी रहने की आशंका है।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
रांची: 4.5 डिग्री सेल्सियस
बोकारो: 3.1 डिग्री सेल्सियस
पलामू: 5.4 डिग्री सेल्सियस
स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की सलाह
तेज ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को ठंड से बचाव करने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है।
