निकाय चुनाव को लेकर झारखंड जदयू अलर्ट, 7 दिनों में उम्मीदवारों की सूची तलब

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर विधानसभा चुनाव

झारखंड जदयू ने निकाय चुनाव को लेकर कसी कमर, सात दिनों में सूची भेजने का निर्देश

झारखंड प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) की राज्य कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक शनिवार को प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो ने की। बैठक में आगामी निकाय चुनाव को मजबूती से लड़ने, संगठन विस्तार और जनसमस्याओं को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर सहमति बनी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार, होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स में वृद्धि के विरोध में जिला मुख्यालयों एवं प्रखंडों में एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रदेश स्तर पर कोषांग एवं समन्वय समिति के गठन तथा सदस्यता अभियान को तेज करने के लिए प्रदेश स्तर पर प्रभारी की नियुक्ति का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक के दौरान बिहार चुनाव में शानदार जीत और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को झारखंड जदयू की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। यह भी निर्णय लिया गया कि संसद के बजट सत्र के बाद संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष राज्य के सभी जिलों का दौरा करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में निकाय चुनाव लड़ने वाले संभावित उम्मीदवारों और संबंधित निकाय क्षेत्रों की सूची सात दिनों के भीतर प्रदेश मुख्यालय को भेजें। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने के लिए जिला संगठन प्रभारी के साथ एक अतिरिक्त प्रदेश पदाधिकारी की नियुक्ति की बात कही और सभी प्रकोष्ठ अध्यक्षों को इसमें सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि 1 मार्च को पूरे राज्य में नीतीश कुमार का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि जिला स्तर पर आयोजित धरना कार्यक्रमों में संगठन प्रभारी की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

बैठक में विधायक सरयू राय ने सुझाव दिया कि राज्य स्तर पर सदस्यता प्रभारी की नियुक्ति कर सभी जिलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जा सके। उन्होंने पेसा कानून पर आंशिक संशोधन की आवश्यकता बताते हुए सरकार को सुझाव देने की बात कही।

पूर्व मंत्री राजा पीटर ने पेसा कानून पर पार्टी नेतृत्व के विचारों से सहमति जताई और तमाड़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में सदस्यता अभियान चलाने की बात कही। वहीं पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने कहा कि गठबंधन के कारण चुनाव नहीं लड़ पाने के बावजूद पलामू प्रमंडल की जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और झारखंड को भी नीतीश मॉडल की जरूरत है।

बैठक का संचालन श्रवण कुमार ने किया। बैठक में डॉ. आफताब जमील, भगवान सिंह, रेणु पन्निकर, शैलेंद्र महतो, मधुकर सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, पी.एन. सिंह, सागर कुमार, निर्मल सिंह, पिंटू सिंह, उपेंद्र सिंह, अखिलेश राय, त्रिवेणी वर्मा, बेनी माधव झा, मिथिलेश सिंह, सरयू गोप, आशा शर्मा, दीप नारायण सिंह, रत्ना शर्मा, जगदीश महतो, सत्य प्रकाश, रणजीत कुमार, सोमेन दत्ता, शिवानी लता सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *