झारखंड पुलिस भू माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने जा रही है। राजधानी रांची में पुलिस (Ranchi Police)ने जमीन से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की और आगे की कार्रवाई का रोड मैप तैयार किया।
Highlights-
- ज़मीन माफियाओं पर होगी सख्ती।
- पुरानी रांची में गोलीबारी।
- आदिवासियों की ज़मीन पर नज़र।
- रांची पुलिस की बढ़ी सक्रियता।
ज़मीन माफियाओं पर होगी सख्ती।
इस दौरान रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने निर्देश दिया कि, भू माफिया के खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट यानी CCA भी लगाया जाए। इतना ही नहीं जो पुलिसकर्मी जमीन से जुड़े मामलों में लापरवाही बरत रहे हैं उनके खिलाफ निलंबन और विभागीय कार्रवाई करने का भी निर्देश जारी किया गया। रांची पुलिस की सख्ती का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि, भूमाफियाओं के खिलाफ बेल कैंसिलेशन की कार्रवाई करने के भी निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।

पुरानी रांची में गोलीबारी।
दरअसल, 2 दिन पहले राजधानी रांची के पुरानी रांची में आदिवासी जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। इसमें एक आदिवासी युवा को गोली भी लगी है जिसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस सख्त कार्रवाई करने का दावा कर रही है।
आदिवासियों की ज़मीन पर नज़र।
आदिवासी नेता प्रेम शाही मुंडा कहते हैं कि, आदिवासियों की सरकार में ही आदिवासियों की जमीन सुरक्षित नहीं है। फिर ऐसी सरकार का हमें क्या मतलब है। झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार और मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि, अब आदिवासियों को सोचने का वक्त आ गया है। उनकी भाषा संस्कृति के साथ ही उनकी जमीन भी अब सुरक्षित नहीं रह गई है। लिहाजा, आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर आदिवासियों को एक बार से विचार मंथन करना होगा।
रांची पुलिस की बढ़ी सक्रियता।
आंकड़ों की मानें तो झारखंड में अपराधिक वारदात सबसे ज्यादा जमीन से जुड़े मामले में आते हैं। राजधानी रांची में भू माफियाओं का मन इतना बढ़ गया है कि, आए दिन आपराधिक कृत्य सामने आते हैं। लिहाजा, रांची पुलिस ने भू माफिया के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का मन बनाया है।
