Ranchi Murder Case

रांची हत्या कांड का खुलासा: ढाई लाख के लेनदेन में युवक की गोली मारकर हत्या

क्राइम झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर

रांची में हत्या कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

रांची: बुढ़मू थाना क्षेत्र में हुई युवक की सनसनीखेज हत्या के मामले में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड का उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

रेलवे ट्रैक के पास मिला था शव

मामले को लेकर आवेदक मो. एकराम, ग्राम हफुवा, थाना पतरातु, जिला रामगढ़ ने बुढ़मू थाना में लिखित आवेदन दिया था। उन्होंने बताया कि उनके भतीजे पियूस उर्फ इबरार अंसारी की अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है और शव को सरईदाह करमबोहा नदी पर बने रेलवे पुल के पास रेलवे ट्रैक के समीप फेंक दिया गया है। आवेदन के आधार पर बुढ़मू थाना कांड संख्या 82/25 दर्ज किया गया।

विशेष टीम का गठन, तकनीकी जांच शुरू

कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रांची की निगरानी में पुलिस उपाधीक्षक, खलारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और अन्य स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर गहन अनुसंधान शुरू किया।

छापेमारी में दो आरोपी गिरफ्तार

अनुसंधान के दौरान 2 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि इस कांड में शामिल अपराधकर्मी छापर बरवाटोली में देखे गए हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी कर समीर अंसारी और साहिल टुडू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

ढाई लाख रुपये बना हत्या की वजह

गिरफ्तार आरोपी समीर अंसारी ने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि करीब छह माह पूर्व उसने मृतक पियूस उर्फ इबरार अंसारी से ढाई लाख रुपये लिए थे। मृतक लगातार पैसे की मांग कर रहा था और नहीं देने पर गंभीर परिणाम की धमकी दे रहा था। इसी कारण उसने अपने दोस्त साहिल टुडू और राम मुर्मू के साथ मिलकर पियूस की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, हथियार बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कांड में शामिल राम मुर्मू को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या में प्रयुक्त हथियार और गोलियां नरेश मरांडी के घर छिपाकर रखी गई थीं। इसके बाद पुलिस ने नरेश मरांडी को गिरफ्तार कर उसके घर से एक मैगजीन युक्त देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा और कुल नौ जिंदा कारतूस बरामद किए। साथ ही कांड में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. समीर अंसारी, पिता आमिर अंसारी, साकिन हफुआ मुस्लिम टोला, थाना पतरातु, जिला रामगढ़

  2. साहिल टुडू, पिता महादेव टुडू, साकिन छापर बरवाटोली, थाना बुढ़मू, जिला रांची

  3. राम मुर्मू, पिता मनोज मुर्मू, साकिन छापर बरवाटोली, थाना बुढ़मू, जिला रांची

  4. नरेश मरांडी, पिता देवराम मांझी, साकिन पचंडा, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग

बरामद सामान

  • एक मैगजीन युक्त देशी पिस्तौल

  • एक देशी कट्टा

  • 7.65 एमएम के 5 जिंदा कारतूस

  • .315 बोर के 4 जिंदा कारतूस

  • 5 मोबाइल फोन

  • एक अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH-01 BN-3743)

टीम में शामिल पुलिस अधिकारी

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक खलारी राम नारायण चौधरी के नेतृत्व में मांडर अंचल के निरीक्षक जयप्रकाश राणा, बुढ़मू थाना के अवर निरीक्षक संजीव कुमार, प्रभाष कुमार रवानी, सहायक अवर निरीक्षक रण विजय सिंह, अमृत मेहता सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *