रांची: निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत 25% आरक्षित सीटों की लॉटरी संपन्न
रांची, 27 सितंबर 2025- रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशन में नि:शुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिनियम (RTE) के प्रावधानों के तहत निजी विद्यालयों की प्रारंभिक कक्षाओं में 25% आरक्षित सीटों के लिए द्वितीय सह अंतिम चरण की लॉटरी प्रक्रिया आज, दिनांक 27.09.2025 को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
लॉटरी प्रक्रिया की अध्यक्षता
लॉटरी प्रक्रिया की अध्यक्षता परियोजना निदेशक, समेकित अनुसूचित जनजाति अभिकरण, श्री संजय कुमार भगत ने की। प्रक्रिया के दौरान सभी नियमों और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया।
आवेदन और चयन प्रक्रिया
द्वितीय चरण की लॉटरी से पूर्व अभिभावकों से अनुरोध किया गया था कि वे अपने निवास स्थान से 0 से 6 किलोमीटर की परिधि में किसी एक विद्यालय का चयन कर ऑनलाइन आवेदन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करें। इस चरण में कुल 32 विद्यालयों में 62 बच्चों का चयन किया गया।
नामांकन की अंतिम तिथि
चयनित बच्चों का नामांकन 10 अक्टूबर 2025 तक संबंधित विद्यालयों में अनिवार्य रूप से किया जाना है।
लॉटरी में उपस्थित अधिकारी
इस दौरान रांची जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज के अलावा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई।
