रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से एक नवजात शिशु की जान सुरक्षित बचा ली गई। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार स्टेशन परिसर में नियमित जांच के दौरान 20 दिसंबर 2025 को यह मानवीय कार्रवाई सामने आई।
आरपीएफ पोस्ट रांची में ड्यूटी पर तैनात शिफ्ट अधिकारी एएसआई अरुण कुमार और महिला कांस्टेबल राखी कुमारी ने रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) रांची के समीप ओवरब्रिज के नीचे लगभग तीन माह के एक नवजात बालक को लावारिस अवस्था में पाया। मामले की सूचना तत्काल जीआरपी को दी गई, जिसके बाद महिला कांस्टेबल राखी कुमारी ने शिशु को सुरक्षित रूप से जीआरपी रांची लाकर अभिरक्षा में रखा।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन शिशु के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। आगे की जांच में स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया, जिसमें एक अज्ञात पुरुष शिशु को लेकर जाते हुए दिखाई दिया। हालांकि, फुटेज में शिशु को रखने का सटीक स्थान स्पष्ट नहीं हो सका और व्यक्ति की पहचान भी सुनिश्चित नहीं हो पाई। इसके बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में व्यापक खोजबीन की गई, लेकिन संबंधित व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला।
सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत शिशु बालक को जीआरपी रांची की उपस्थिति में चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (सीडब्ल्यूसी), रांची को सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना की जा रही है, जिसने एक मासूम की सुरक्षा सुनिश्चित की।
