आधी आबादी की भागीदारी से होगा सर्वांगीण विकास– हेमंत सोरेन।

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर विधानसभा चुनाव

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से महिला विधायकों की मुलाकात, नारी शक्ति को मिला संबल

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला विधायकों को शुभकामनाएँ
झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में आज मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से राज्य की महिला विधायकों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी महिला मंत्री एवं विधायकों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा में महिला विधायकों की उपस्थिति मात्र से ही नारी शक्ति को बल मिलता है। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, सभी महिला विधायक सदन में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की आवाज बनकर उभर रही हैं।

आधी आबादी की भागीदारी से होगा सर्वांगीण विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना देश, राज्य और समाज का संपूर्ण विकास संभव नहीं है। राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना सहित कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

महिलाओं की उपलब्धियों से झारखंड का बढ़ा गौरव
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की महिलाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल समेत कई क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियाँ हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है। सरकार हर स्तर पर महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे अपनी मंजिल तक पहुँच सकें और नए कीर्तिमान स्थापित कर सकें।

महिला विधायक रहीं उपस्थित
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय, मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, डॉ. नीरा यादव, श्रीमती लुइस मरांडी, श्रीमती सविता महतो, श्रीमती रागिनी सिंह, श्रीमती ममता देवी, श्रीमती पूर्णिमा दास साहू, श्रीमती श्वेता सिंह और श्रीमती मंजू कुमारी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *