भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने JPSC पर उठाए सवाल, कहा— दो साल से लंबित FSO और CDPO परीक्षाओं का परिणाम जारी करे सरकार
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) परीक्षाओं के परिणाम करीब दो वर्ष बाद भी जारी नहीं किए गए हैं। लंबे इंतजार से परेशान परीक्षार्थी लगातार परिणाम घोषित करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार और आयोग की ओर से कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।
इसी मुद्दे को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार और JPSC पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मरांडी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार युवाओं को रोजगार देने को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि झामुमो कोटे से JPSC में शामिल हुए सदस्यों ने नियुक्ति प्रक्रिया में धांधली और अनियमितताओं की आशंका को बढ़ावा दिया है, जिससे आयोग की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है।
रांची का मौसम बदला: कोहरा छटा, धूप निकली, शाम में फिर गिरेंगे तापमान.
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सीधे संबोधित करते हुए अपील की कि युवाओं के भविष्य के साथ सौदेबाजी बंद की जाए और FSO व CDPO दोनों परीक्षाओं के परिणाम जल्द से जल्द जारी किए जाएं।
भाजपा नेता की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जहां छात्र और नौकरी परीक्षार्थी भी उनकी मांग का समर्थन करते दिख रहे हैं।
