Shibu Soren Health

‘एक तरफ दुआ, दूसरी तरफ महोत्सव’ – बाबूलाल मरांडी का सरकार पर तंज.

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर विधानसभा चुनाव

शिबू सोरेन की तबीयत नाजुक, बाबूलाल मरांडी ने उठाया समारोह की भव्यता पर सवाल


रांची, 02 अगस्त 2025- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के अगुवा शिबू सोरेन इन दिनों गंभीर रूप से अस्वस्थ हैं। दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में उनका इलाज जारी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार अपने विश्वस्त अधिकारियों और नजदीकी साथियों के साथ दिल्ली में मौजूद हैं और पिता जी के इलाज की निगरानी कर रहे हैं।

प्रदेश में चल रहे हैं प्रार्थना आयोजन

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने लिखा है कि, राज्यभर के कई धार्मिक स्थलों पर शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के लिए विशेष पूजा-पाठ और यज्ञ अनुष्ठानों का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और गुरूजी के प्रति सम्मान का यह स्वरूप पूरे राज्य में देखा जा रहा है।

बाबूलाल मरांडी का सवाल—क्या ये वक्त भव्य आयोजन का है?

इन सबके बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने एक तीखा सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि—

“मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के पिता, आदरणीय शिबू सोरेन जी गंभीर रूप से बीमार हैं और दिल्ली में इलाज चल रहा है। पूरे राज्य में दुआओं का दौर जारी है। लेकिन इसी बीच एक महोत्सव को लेकर जन सूचना विभाग की सक्रियता, एजेंसियों के चयन और देश के विभिन्न शहरों में भव्य आयोजनों की तैयारी क्या उचित है?”

उन्होंने यह भी पूछा कि—

“क्या गुरूजी के स्वस्थ होने तक इस समारोह को सादगी से नहीं मनाया जा सकता था? क्या इस आयोजन के पीछे कहीं ‘मिशन और कमीशन’ की कहानी तो नहीं छिपी है?”

https://newsmonitor.in/education-minister-ramdas-sorens-condition-is-critical-he-was-airlifted-to-delhi/

संवेदनशीलता बनाम सरकारी तैयारी

बाबूलाल मरांडी के इस बयान ने राज्य की राजनीतिक फिजा में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। एक ओर जब राज्य का जनमानस आदरणीय शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है, वहीं दूसरी ओर महोत्सव की सरकारी तैयारी और प्रचार-प्रसार को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।

विपक्ष का तीखा हमला, सत्ता की चुप्पी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस तंज के बाद अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सत्ता पक्ष इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है। फिलहाल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन परिवार और पिता के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रहे हैं।

गुरूजी के जल्द स्वस्थ होने की सभी प्रार्थना कर रहे हैं। ऐसे समय में सरकार की प्राथमिकताएं क्या होनी चाहिए—यह प्रश्न अब केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि नैतिक दृष्टिकोण से भी चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *