जनता से किए वादों पर ध्यान केंद्रित करे जेएमएम: भाजपा
झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने जेएमएम महासचिव के बयान पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि झारखंड की जनता ने जेएमएम को बहुमत उनके वादों पर विश्वास करके दिया है। अब जेएमएम को अपने वादों को लागू करके जनता के विश्वास पर खरा उतरना चाहिए। एनडीए राज्यहित में हमेशा सहयोग को तैयार है।
जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास
चौरसिया ने कहा कि ऐसा लगता है कि जेएमएम महासचिव को अपने वादों को पूरा न कर पाने का डर सता रहा है। शायद यही कारण है कि वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए अलग-अलग कहानियां गढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2019 की तरह इस बार भी जेएमएम अपने वादे भूल न जाए, इसका डर हमें है। एनडीए सुनिश्चित करेगी कि जनता के साथ धोखा न हो।
संथाल में घुसपैठ पर सख्त रुख
चौरसिया ने कहा कि एनडीए झारखंड के संथाल क्षेत्र में हो रहे घुसपैठ को नजरअंदाज नहीं कर सकता। यह आदिवासी समाज और उसकी अस्मिता से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जेएमएम के जीत के बाद “घुसपैठ जिंदाबाद” के नारे लगाए जा रहे हैं, और कांग्रेस के नेता घुसपैठियों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की बात कर रहे हैं।
चुनाव हारे, पर राष्ट्रहित से समझौता नहीं
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भले ही एनडीए चुनाव हार गई हो, लेकिन जनहित और राष्ट्रहित के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने जेएमएम से आग्रह किया कि वे दिसंबर से “मंइयां सम्मान योजना” की 2500 रुपए की राशि भेजने के अपने वादे को पूरा करें और 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की योजना को लागू करें।
कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सुचारुता पर चिंता
चौरसिया ने कहा कि इंडिया गठबंधन की जीत के साथ ही राज्य में आपराधिक तत्व सक्रिय हो गए हैं। चोरी और छिनतई की घटनाओं में अचानक वृद्धि हुई है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस सरकार में प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलेगी और कानून का राज कायम रहेगा।
भ्रष्टाचार और खनन ठेके पर कड़ी चेतावनी
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस बार उम्मीद है कि जेएमएम सरकार के मंत्री रिश्वतखोरी के मामलों में जेल नहीं जाएंगे। आम जनता को थानों, ब्लॉक और अंचलों में बिना घूस दिए काम मिलना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चेतावनी दी कि वे अपने या अपने रिश्तेदारों के नाम पर खनन ठेके और पट्टे न लें।
