गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए स्कूलों की सख्त निगरानी जरूरी: रामदास सोरेन
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने दिए निर्देश
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की महत्वपूर्ण राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक रांची में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के माननीय मंत्री रामदास सोरेन ने की। इस मौके पर विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा निदेशक, राज्य कार्यालय से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE), सहायक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, लॉ एग्जीक्यूटिव समेत अन्य महत्वपूर्ण पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हर सप्ताह एक प्रखंड में स्कूलों का औचक निरीक्षण अनिवार्य
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री रामदास सोरेन ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले के DEO और DSE को सप्ताह में कम से कम एक प्रखंड के विद्यालयों का औचक निरीक्षण करना होगा।

उन्होंने कहा कि केवल योजनाएं बनाकर काम नहीं चलेगा, जब तक उनकी स्थल पर निगरानी और मूल्यांकन न किया जाए। हर विद्यालय तक विभागीय पहुंच बनी रहनी चाहिए ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व दोनों सुनिश्चित हो सकें।
