जैक बोर्ड की बैठक में बड़ा निर्णय: शिक्षकों के पारीश्रमिक और ठहराव भत्ते में 20% बढ़ोतरी, 20 नए स्कूलों को मिली मंजूरी
रांची। वित्त रहित शिक्षा संघर्ष मोर्चा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जैक पदाधिकारियों और मोर्चा प्रतिनिधियों के बीच 7 नवंबर 2025 को हुई वार्ता का असर अब दिखाई देने लगा है। उस बैठक में इंटर, उच्च विद्यालय, संस्कृत विद्यालय और मदरसा शिक्षकों के मूल्यांकन कार्य में मिलने वाले पारीश्रमिक और ठहराव भत्ते में बढ़ोतरी को लेकर जोरदार बहस हुई थी।
मोर्चा ने बैठक में स्पष्ट कहा था कि पिछले 10–12 वर्षों में महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है, लेकिन शिक्षकों को मिलने वाला पारीश्रमिक और ठहराव भत्ता अब तक नहीं बढ़ा। उन्होंने इसे शिक्षकों के साथ अन्याय बताते हुए तत्काल संशोधन की मांग उठाई थी।
वहीं, जैक प्रशासन ने मोर्चा के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया था कि इस मुद्दे पर जल्द ही जैक बोर्ड की बैठक बुलाई जाएगी और बढ़ोतरी पर निर्णय लिया जाएगा। इसी मांग को आगे बढ़ाते हुए मोर्चा ने नियमानुसार तुरंत बोर्ड बैठक आयोजित करने की अपील भी की थी।
कुणाल षाड़ंगी ने CM से कहा—JTET परीक्षा जल्द हो, युवाओं की चिंता बढ़ी.
अंततः, आज हुई जैक बोर्ड की बैठक में शिक्षकों के पक्ष में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों के पारीश्रमिक और ठहराव भत्ते में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई। प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।
इसके अलावा, जैक बोर्ड ने एक और अहम फैसला लेते हुए राज्य के 20 स्कूल एवं इंटर कॉलेजों की प्रशस्ति-स्वीकृति और स्थापना अनुमति देने का भी निर्णय लिया। इन निर्णयों के बाद शिक्षकों और विद्यालय संचालकों में संतोष का माहौल है। प्रेस को इस निर्णय की जानकारी मनीष कुमार ने दी है।
