रांची सदर अस्पताल में लायंस क्लब ऑफ रांची ग्लोबल का सेवा अभियान

झारखंड/बिहार

रांची सदर अस्पताल में लायंस क्लब ऑफ रांची ग्लोबल का सेवा कार्य, ‘फूड फॉर हंगर’ के तहत 70वां सप्ताह पूरा

रांची: लायंस क्लब ऑफ रांची ग्लोबल द्वारा रांची सदर अस्पताल में संचालित स्थायी सेवा परियोजना “फूड फॉर हंगर” के अंतर्गत खिचड़ी वितरण कार्यक्रम का 70वां सप्ताह शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम वर्ष 2025 के अंतिम शनिवार को आयोजित किया गया, जो सेवा, करुणा और मानवता के संकल्प का प्रतीक बना।

लायंस क्लब की ओर से यह सेवा कार्य प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य अस्पताल में भर्ती जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि इलाज के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस अवसर पर क्लब के चार्टर प्रेसिडेंट लायन शैलेश अग्रवाल ने कहा कि भूखों को भोजन कराना सबसे बड़ा धर्म है और लायंस क्लब ऑफ रांची ग्लोबल समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।

वहीं, सचिव संतोष अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी क्लब सदस्यों, प्रायोजकों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कोषाध्यक्ष अल्तमश आलम ने जानकारी दी कि क्लब की सभी सेवा गतिविधियां पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संचालित की जा रही हैं।

संयुक्त सचिव राजीव चौधरी ने कहा कि इस तरह के सेवा कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे और समाज की सहभागिता से इन्हें और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

लायंस क्लब ऑफ रांची ग्लोबल ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे आगे आकर इस मानवीय सेवा अभियान से जुड़ें और जरूरतमंदों की सहायता में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *