झामुमो के बयान पर भाजपा का पलटवार, जनता को दिग्भ्रमित न करें: प्रतुल शाहदेव
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर झामुमो के आरोप बेबुनियाद
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की प्रेस वार्ता पर पलटवार करते हुए कहा कि परिसीमन और मणिपुर के मुद्दे पर जनता को दिग्भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) एक राष्ट्रवादी संगठन है, जिसने हमेशा राष्ट्र और सनातन धर्म के हित में कार्य किया है। झामुमो हताशा में संघ के बयानों को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहा है।
परिसीमन को लेकर झामुमो का बयान गुमराह करने वाला
प्रतुल शाहदेव ने स्पष्ट किया कि संघ ने कभी परिसीमन का विरोध नहीं किया है। संघ का मानना है कि परिसीमन इस प्रकार लागू होना चाहिए कि देश की एकता और अखंडता मजबूत हो। साथ ही, क्षेत्रीय असंतुलन और सांस्कृतिक पहचान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि परिसीमन से किसी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा और अनुपातिक आरक्षण में भी कोई कटौती नहीं की जाएगी।

मणिपुर मुद्दे पर भी संघ के बयान को गलत तरीके से पेश किया
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मणिपुर को लेकर भी झामुमो ने संघ के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। संघ का मानना है कि मणिपुर पिछले 20 महीनों से कठिन दौर से गुजर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार के हालिया प्रशासनिक और राजनीतिक फैसलों से उम्मीद की किरण जगी है।
सरकार कर रही सुधार, झामुमो जनता को भटका रहा
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि मणिपुर में हालात तेजी से बदल रहे हैं और सरकार चरणबद्ध तरीके से लंबे समय से बंद सड़क मार्गों को खोलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने झामुमो पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी केवल जनता को दिग्भ्रमित करने के लिए ऐसे बयान दे रही है, जिनका कोई आधार नहीं है।
