शीतलहर से कांपा झारखंड, रांची में स्कूल 14 जनवरी तक बंद

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर

झारखंड में शीतलहर का कहर, येलो अलर्ट जारी
एक सप्ताह तक और सताएगी ठंड

झारखंड में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अनुमान जताया है कि राज्य में अगले एक सप्ताह तक शीतलहर से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इसे देखते हुए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रांची सहित राज्य का बड़ा हिस्सा ठंड और घने कोहरे की चपेट में है।

स्कूलों में बदला समय, कक्षाएं स्थगित
बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए रांची जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। कक्षा एक से छठी तक के सभी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। वहीं, छठी कक्षा से ऊपर की कक्षाएं सुबह 10:00 बजे से संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि बच्चों को ठंड से बचाया जा सके।

मैक्लुस्कीगंज में माइनस डिग्री तापमान
राज्य के पहाड़ी और वनांचल इलाकों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। मैक्लुस्कीगंज में हालात ऐसे हैं कि शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। रविवार को यहां न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा।

लातेहार–बेतला में भी ठिठुरन
लातेहार जिले के बेतला और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। ठंड के बावजूद इन क्षेत्रों के पर्यटन स्थल और पार्क सुबह-सुबह कोहरे और ओस की बूंदों से ढके हुए नजर आए, जहां पर्यटकों की हलचल भी दिखाई दी।

प्रशासन अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों का खास ख्याल रखें। शीतलहर को देखते हुए आने वाले दिनों में और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *