झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों को लेकर प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात की। उन्होंने झारखंड आंदोलनकारियों के राजकीय मान-सम्मान, अलग झारखंडी पहचान, रोजी-रोजगार और नियोजन की गारंटी के साथ जेल जाने की बाध्यता समाप्त कर सभी आंदोलनकारियों को सम्मान पेंशन देने की मांग रखी।
वित्त मंत्री ने आश्वासन दिया कि आंदोलनकारियों को उपेक्षित नहीं रखा जाएगा और सरकार उनकी न्यायसंगत मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के वार्षिक बजट में इस मुद्दे पर विशेष चर्चा होगी और सरकार में शामिल सभी घटकों को आंदोलनकारियों की भावनाओं से अवगत कराया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से चर्चा
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री केशव महतो कमलेश से मुलाकात की। कमलेश महतो ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के संघर्ष में कांग्रेस का बड़ा योगदान रहा है और आंदोलनकारियों को सम्मान पेंशन, रोजगार और सरकारी मान्यता मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग की सरकारी नौकरियों में आंदोलनकारियों के आश्रितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने दी अपनी सहमति
झामुमो महासचिव एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण में कोई अनियमितता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सही आंदोलनकारी सम्मान से वंचित न रहें और कोई गलत व्यक्ति आंदोलनकारी के रूप में शामिल न हो। उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा द्वारा आयोजित मिलन समारोह में शामिल होने की सहमति भी दी।
आंदोलनकारियों को सरकार से उम्मीदें – पुष्कर महतो
संघर्ष मोर्चा के संस्थापक एवं प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि हेमंत सरकार से आंदोलनकारियों को काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड की तर्ज पर झारखंड में भी आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाए और उन्हें मेडिकल, यात्रा, आवास एवं आश्रितों की शिक्षा जैसी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।