कांग्रेस मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक, जनहित व पार्टी एजेंडे की प्रगति पर हुई समीक्षा
रांची– झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो के निर्देश पर राज्य सरकार में शामिल कांग्रेस के चारों मंत्रियों की एक अहम बैठक रांची स्थित वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के आवास पर आयोजित हुई।
इस बैठक में प्रदेश के समग्र विकास, जनहित के मुद्दों, तथा कांग्रेस पार्टी के चुनावी वादों की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य सरकार में कांग्रेस की भूमिका को मजबूती देना और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर ठोस कार्ययोजना बनाना रहा।
बैठक में उठाए गए मुख्य मुद्दे:
1. PESA अधिसूचना: पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त करने हेतु PESA नियमावली को शीघ्र जारी करने पर सहमति बनी।
2. मनरेगा: इसके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं व केंद्र सरकार द्वारा निधियों की देरी पर चिंता जताई गई।
3. किसान कर्ज माफी: योजना को तेज गति से लागू करने का निर्णय लिया गया।
4. सहकारिता क्षेत्र: सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
5. स्वास्थ्य बीमा योजना: योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जरूरी कदमों पर विचार हुआ।
6. RIMS विस्तार: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान के विस्तार व आगामी योजनाओं की समीक्षा की गई।
7. घोषणापत्र समीक्षा: विधानसभा चुनाव में किए गए वायदों की स्थिति पर आकलन किया गया।
8. निकाय चुनाव में आरक्षण: आगामी नगर निकाय चुनावों में पिछड़ा वर्ग के लिए सीट आरक्षण पर चर्चा हुई।
9. बीस सूत्री समिति: इन समितियों की सक्रियता और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के सुझाव दिए गए।
बैठक में सभी मंत्रियों ने इस बात पर सहमति जताई कि कांग्रेस संगठन की नीतियों व जन अपेक्षाओं के अनुरूप आगे भी एकजुट होकर कार्य किया जाएगा। मंत्रियों ने यह भी तय किया कि इन बिंदुओं पर चरणबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु एक साझा कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने पुनः दोहराया कि पार्टी राज्य के गरीबों, किसानों, मजदूरों, आदिवासियों और वंचित वर्गों के हित में पूरी तरह से प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करती रहेगी।
