रांची में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया खजूर रविवार, हजारों कैथोलिक विश्वासियों ने लिया भाग
मुख्य बिंदु-
-
रांची में खजूर रविवार (Palm Sunday) का आयोजन लोयोला ग्राउंड में हुआ।
-
हजारों कैथोलिक ख्रीस्त विश्वासियों ने खजूर की डालियाँ लेकर प्रभु येसु का जय जयकार किया।
-
महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने खजूर की डालियों को आशीर्वादित किया और धर्मोपदेश दिया।
-
भीड़ ने जुलूस निकालकर संत मारिया गिरजाघर तक प्रार्थना के साथ मार्च किया।
-
खजूर रविवार येरुसलेम में येसु के आगमन की स्मृति में मनाया जाता है।
-
इस आयोजन से पुण्य सप्ताह और चालीसे काल के अंतिम सप्ताह की शुरुआत होती है।
-
विशेष धर्मविधियाँ बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को आयोजित की जाएंगी।
-
कार्यक्रम में अनेक पादरी, धर्मबहनें, उपयाजक एवं हज़ारों श्रद्धालु उपस्थित थे।
रविवार, 13 अप्रैल 2025 | पुरुलिया रोड, रांची:
आज रांची में कैथोलिक ख्रीस्त विश्वासियों ने विशेष भक्ति और श्रद्धा के साथ खजूर रविवार (Palm Sunday) का पर्व मनाया। इस मौके पर लोयोला ग्राउंड में हजारों श्रद्धालु खजूर की डालियाँ लेकर जमा हुए और प्रभु येसु के येरुसलेम आगमन की स्मृति में भव्य जुलूस निकाली गई।

इस धर्मविधि की अगुवाई रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने की। उन्होंने खजूर की डालियों को आशीष प्रदान की और उपस्थित लोगों को अपने जीवन से ईश्वर के प्रेम को प्रदर्शित करने का संदेश दिया।
लोयोला ग्राउंड से संत मारिया गिरजाघर तक जुलूस
खजूर की डालियों को लेकर श्रद्धालु “होसन्ना” के भक्ति गीत गाते हुए लोयोला ग्राउंड से संत मारिया गिरजाघर की ओर रवाना हुए। वहां सभी ने सामूहिक रूप से मिस्सा बलिदान में भाग लिया।

इस आयोजन में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के साथ-साथ कई पुरोहित, धर्मबहनें और हजारों की संख्या में ख्रीस्त विश्वासी शामिल हुए।
प्रमुख उपस्थितजनों में शामिल थे:
-
फा. आनंद डेविड खलखो (पल्ली पुरोहित)
-
फा. प्रफुल टोप्पो
-
फा. रेमंड केरकेट्टा
-
फा. जॉर्ज मिंज
-
फा. एजेकियल टोप्पो
-
फा. नीलम तीडू
-
फा. अभिनव
-
फा. असीम मिंज (सचिव)
-
उपयजक नीरज कुंडलना आदि।
पुण्य सप्ताह का आरंभ
कैथोलिक विश्वासियों ने 5 मार्च 2025 को राख बुधवार से चालीसा काल में प्रवेश किया था। खजूर रविवार के साथ ही वे अब पुण्य सप्ताह में प्रवेश कर चुके हैं, जिसमें प्रभु येसु के दुःखभोग, मृत्यु और पुनरुत्थान को याद किया जाता है।
पुण्य सप्ताह की विशेष धर्मविधियाँ गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को लोयोला ग्राउंड में आयोजित होंगी।
खजूर रविवार का महत्व
खजूर रविवार वह दिन है जब प्रभु येसु येरुसलेम शहर में प्रवेश करते हैं और लोग उनका स्वागत खजूर की डालियाँ और कपड़े बिछाकर करते हैं। यह दिन प्रेम, विनम्रता और बलिदान का प्रतीक है। इसे पुण्य सप्ताह की शुरुआत भी माना जाता है।