Hazaribagh crime news

हजारीबाग: CCL वाहनों में आगजनी करने वाले 7 अपराधी गिरफ्तार, हथियार व पर्चा बरामद

क्राइम झारखंड/बिहार

हजारीबाग: सीसीएल वाहनों में आग लगाने वाले 7 अपराधी गिरफ्तार, हथियार और पर्चा बरामद

हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र अंतर्गत नॉर्थ तापिन स्थित सीसीएल की आउटसोर्सिंग कंपनी आर.के.एस. सीपीएल के व्यू प्वाइंट पर 24 मई 2025 को लगभग 8–10 अज्ञात अपराधियों ने हमला कर दिया था। अपराधियों ने पेट्रोल छिड़ककर कंपनी के 3 हाईवा और 3 पोकलेन समेत कुल 6 वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। इस मामले में सुरक्षा प्रभारी निलेश कुमार के आवेदन पर थाना कांड संख्या 85/25 दर्ज की गई थी।

एसआईटी का गठन और गुप्त सूचना पर छापेमारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर एवं विष्णुगढ़) के नेतृत्व में एक विशेष अन्वेषण टीम (SIT) बनाई गई। इसी क्रम में 9 सितंबर 2025 की रात पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि तापिन नॉर्थ 44 नंबर जंगल में कुछ अपराधी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। जानकारी मिलते ही एसआईटी ने त्वरित छापेमारी की कार्रवाई की और 7 अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान

पुलिस ने जिन अपराधियों को पकड़ा है, उनकी पहचान इस प्रकार है—

  1. इमदाद रजा (21), ग्राम तापिन पारटांड, हजारीबाग

  2. सचीन कुमार रविदास (24), ग्राम कांको, कोडरमा

  3. अफसर वारिस (21), ग्राम पिपरा, हजारीबाग

  4. छोटन कुमार रविदास (22), ग्राम चुटियारो, कोडरमा

  5. साहिल रजा (18), ग्राम कजरी, हजारीबाग

  6. गणेश यादव (20), ग्राम चन्द्रघट्टी, कोडरमा

  7. सुनील कुमार दास (29), ग्राम कांको, कोडरमा

अपराधियों ने कबूला जुर्म

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 24 अगस्त 2025 को सीसीएल व्यू प्वाइंट पर वाहनों में आगजनी की थी। साथ ही, 10 फरवरी 2025 को चलिया टॉड जंगल में 3 ट्रैक्टर जलाने की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है। इस मामले में चरही थाना कांड संख्या 15/25 दर्ज है।

बरामदगी

पुलिस ने छापेमारी के दौरान कई सामान भी बरामद किए—

  • जिंदा गोली – 6 पीस

  • चाकू – 3 पीस

  • टीपीसी पर्चा – 7 पीस (निर्देशक गुरुदेव अंकित)

  • बोलेरो नियो वाहन – 1 पीस (डैशबोर्ड से 22 पीस टीपीसी लेटरपैड बरामद)

  • मोबाइल – 6 पीस

पुलिस की बड़ी सफलता

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने दावा किया कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधकर्मियों का मनोबल टूटा है। साथ ही, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में यह बड़ी उपलब्धि है। पुलिस ने कहा कि आगे भी इसी तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *