सरदार पटेल से प्रेरणा लेकर बेहतर झारखंड गढ़ने की जरूरत : सुदेश महतो
रामगढ़, 31 अक्टूबर 2025- आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि देश की जनता कभी सरदार वल्लभभाई पटेल को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती थी। आज उनके आदर्शों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर एक ऐसा झारखंड बनाने की जरूरत है, जहां हर समुदाय की भावनाओं का सम्मान हो और सामाजिक न्याय की भावना मजबूत हो।

वे शुक्रवार को रामगढ़ स्थित पटेल छात्रावास में आयोजित ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ और सरदार पटेल की 150वीं जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, इसके बाद सुदेश महतो ने सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुदेश महतो ने अपने संबोधन में कहा कि आज कुछ ताकतें समाज को बांटने और उससे राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन हमें ऐसी मंशा और साजिश को विफल करना होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सरदार पटेल के एकता, त्याग और सेवा भाव को आत्मसात करें।
कार्यक्रम में मौजूद सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनकी दूरदृष्टि और मजबूत इच्छाशक्ति के कारण आज भारत एक अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा है।
इस मौके पर गिरिडीह सांसद रामटहल चौधरी, विधायक रोशन लाल चौधरी, पार्टी नेता निर्मल महतो, डॉ. लम्बोदर महतो, श्रीमती सुनीता देवी, प्रवीण प्रभाकर, दीपक पुनियार, मनोज महतो, दिलीप डांगी, संजय महतो और हेमलाल महतो सहित आजसू पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
