Chief Electoral Officer K. Ravi Kumar

झारखंड विधानसभा चुनाव में ज़ीरो एरर के साथ काम करें- के. रवि कुमार.

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर विधानसभा चुनाव

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी निर्वाचन अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीरो एरर के साथ काम करना है। रवि कुमार ने यह बातें सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में कहीं।

अधिकारियों के प्रशिक्षण पर जोर

रवि कुमार ने बताया कि राज्य में कई अधिकारियों का ट्रांसफर और पोस्टिंग हुआ है, जिससे कुछ जिलों के ईआरओ और एईआरओ का निर्वाचन से संबंधित प्रशिक्षण अभी बाकी है। उन्होंने ऐसे अधिकारियों की सूची अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें समय पर प्रशिक्षण दिया जा सके। साथ ही, सभी जिलों में प्रीसाइडिंग ऑफिसर, पोलिंग ऑफिसर और एएलएमटी की ट्रेनिंग सुनिश्चित करने को भी कहा।

1200 से अधिक मतदाता वाले बूथ पर अतिरिक्त पोलिंग ऑफिसर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि इस विधानसभा चुनाव में, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिन मतदान केंद्रों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, वहां एक अतिरिक्त पोलिंग ऑफिसर की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही, वल्नरेबल मैपिंग और सुरक्षा बलों की तैनाती से संबंधित सूची तैयार करते समय आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता पर जांच

रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने जिलों के मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता की जांच खुद सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पोस्टल बैलेट और नए मतदाताओं को जोड़ने के विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की।

बैठक में शामिल अधिकारी

इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ओएसडी गीता चौबे, सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देव दास दत्ता, अवर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *