सरायकेला पुलिस नकली शराब

झारखंड में नकली अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का खुलासा, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई.

क्राइम झारखंड/बिहार

सरायकेला-खरसावां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस ने दुर्गा पूजा से पहले नकली अंग्रेजी शराब बनाने और सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नीमडीह थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तेतलो गांव में छापेमारी की। यहां अशोक गोप उर्फ वीडियो गोप के घर से मिनी शराब फैक्ट्री संचालित हो रही थी। मौके से भारी मात्रा में नकली शराब, स्प्रीट, बोतल, लेबल, ढक्कन और अन्य सामान जब्त किया गया।

खरसावां नकली शराब फैक्ट्री

दो आरोपी गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। गिरफ्तार व्यक्तियों में निरंजन गोराई (सा. भादुडीह, थाना चांडिल) और प्रकाश कुमार गुप्ता (सा. हलुदबनी, थाना परसुडीह, पूर्वी सिंहभूम) शामिल हैं। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि आगामी दुर्गा पूजा के दौरान शराब की भारी मांग को देखते हुए यह नकली अंग्रेजी शराब तैयार की जा रही थी और नीमडीह व चांडिल क्षेत्र में सप्लाई की योजना थी।

जब्त सामान

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 458 बोतल नकली अंग्रेजी शराब जब्त की, जिनमें Mc Dowells No-1 Luxury और Iconiq White ब्रांड शामिल हैं। इसके अलावा 100 लीटर स्प्रीट से भरा ड्रम, नकली लेबल, स्टिकर, ढक्कन, प्लास्टिक गैलन, छनना, और झारखंड सरकार के लोगो व क्यूआर कोड वाले स्टीकर भी बरामद किए गए। साथ ही सप्लाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक बजाज मैक्सिमा टेंपो (JH05DU-1845) भी पुलिस ने जब्त किया।

छापामारी दल

इस विशेष अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वांडिल के निर्देशन में थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने किया। टीम में पु.अ.नि. केशनाथ प्रसाद, दशस्थ हेम्ब्रम, स.अ.नि. पंकज कुमार शुक्ला, टुना प्रसाद सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने नीमडीह थाना कांड संख्या 53/2025, दिनांक 16.09.2025, बीएनएस-2023 की विभिन्न धाराओं और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *