झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा
भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके साथ ही, 15 अक्टूबर 2024 की शाम साढ़े तीन बजे से झारखंड में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने जानकारी दी कि चुनाव दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी।
अधिसूचना और नामांकन की तिथियां
पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना 18 अक्टूबर को जारी की जाएगी, जबकि दूसरे चरण के लिए 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। पहले चरण के नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर और दूसरे चरण की 29 अक्टूबर तय की गई है। नामांकन की स्क्रूटनी पहले चरण के लिए 28 अक्टूबर और दूसरे चरण के लिए 30 अक्टूबर को होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि पहले चरण के लिए 30 अक्टूबर और दूसरे चरण के लिए 1 नवंबर तय की गई है। चुनावी प्रक्रिया 25 नवंबर को समाप्त हो जाएगी।
चुनाव आयोग की प्राथमिकताएं
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना उनकी प्राथमिकता है। शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करेगा और चुनाव कर्मियों को भी आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मतदाताओं के लिए सुविधाएं
मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। एक मोबाइल एप भी जारी किया जाएगा, जिससे मतदाता मतदान केंद्र की स्थिति, जैसे कि कतार में कितने लोग हैं, की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे। यह एप विशेष रूप से बुजुर्ग मतदाताओं के लिए फायदेमंद होगा। 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा दी जाएगी, जिसके लिए उन्हें फार्म 12D भरना होगा।
चुनाव प्रचार खर्च और अधिकारियों की उपस्थिति
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रचार में उम्मीदवार अधिकतम 40 लाख रुपये तक खर्च कर सकते हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के साथ अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा और संदीप सिंह भी मौजूद थे।
