Voter List Revision Training Program ERO, AERO, Ranchi

चुनाव आयोग ने तेज़ की चुनावी तैयारी। मतदाता सूची को दिया जा रहा अंतिम रूप।

झारखंड/बिहार विधानसभा चुनाव

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में प्रशिक्षण

रांची। राज्य में चल रहे मतदाता सूची के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफलतापूर्वक कार्यान्वयन के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ एवं उप निर्वाचन पदाधिकारियों के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में दो दिवसीय क्रमागत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों के लिए त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करना है।

विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण

दो दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण सत्र में पदाधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान बीएलओ सुपरवाइजर के माध्यम से घर-घर सत्यापन की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया गया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का संबोधन

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव के अनुभवों से सीखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए त्रुटि रहित मतदाता सूची बनाने की दिशा में सभी से बेहतर प्रयास अपेक्षित हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ सुपरवाइजर घर-घर सत्यापन के उपरांत विभाग द्वारा प्रदत्त स्टिकर को सत्यापित घरों पर अपने हस्ताक्षर के साथ अनिवार्य रूप से लगाएंगे, जिसे संबंधित ईआरओ /एईआरओ फील्ड विजिट के क्रम में भौतिक निरीक्षण करेंगे।

कम मतदान वाले केंद्रों का निरीक्षण

के. रवि कुमार ने बताया कि लोकसभा चुनाव में 80% से कम मतदान वाले सभी मतदान केंद्रों का संबंधित ईआरओ अपने स्तर से निरीक्षण करते हुए कम मतदान के पीछे के कारणों को जांचेंगे और उनके निराकरण का प्रयास करेंगे।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की अपील

इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने प्रशिक्षण में आए सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने विधानसभा क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार कर निर्वाचन कार्यों का ससमय दक्षतापूर्वक निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।

विविध विषयों पर विस्तृत जानकारी

सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देवदास दत्ता द्वारा स्वीप, चुनावी साक्षरता क्लब, और मतदाता जागरूकता फोरम आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ओएसडी गीता चौबे द्वारा ई-रोल, उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय संजय कुमार द्वारा मतदाताओं से प्राप्त शिकायतों के निवारण संबंधी पोर्टल, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह द्वारा मतदान केंद्रों के रेशनलाईजेशन, और सिस्टम एनालिस्ट  एस.एन. जमील द्वारा ईआरओ-नेट 2.0 के बारे में पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *