झामुमो नेता कुणाल सारंगी ने दी शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की स्वास्थ्य स्थिति पर अपडेट, अफवाहों से बचने की अपील
मुख्य बिंदु:
-
शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर झामुमो नेता कुणाल सारंगी ने दी सफाई
-
कहा – मंत्री की स्थिति गंभीर जरूर, लेकिन स्थिर बनी हुई है, सभी Vital Parameters सामान्य
-
दिल्ली के अपोलो अस्पताल में हो रहा है इलाज
-
लोगों और मीडिया से अपील – बिना आधिकारिक जानकारी के कुछ भी न करें साझा
-
ईश्वर, डॉक्टरों और जनता की दुआओं से जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद
रांची, 02 अगस्त 2025-झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक कुणाल सारंगी ने शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर स्पष्ट संदेश जारी किया है। उन्होंने मीडिया और आमजन से अपील की है कि मंत्री जी की सेहत को लेकर अफवाह फैलाने से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
कुणाल सारंगी ने जानकारी दी कि रामदास सोरेन की स्थिति गंभीर अवश्य है, लेकिन स्थिर बनी हुई है और सभी जरूरी वाइटल पैरामीटर्स को वे मेंटेन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं दिल्ली के अपोलो अस्पताल पहुंचने वाले हैं और मंत्री जी का इलाज जारी है।
उन्होंने लिखा, “मेरा विनम्र आग्रह है कि कृपया मंत्री @RamdassorenMLA के स्वास्थ्य के बारे में बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के कोई भी सूचना न साझा करें। हम सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। डॉक्टरों की मेहनत, भगवान की कृपा और जनता की दुआएं रंग लाएंगी।”
मंत्री रामदास सोरेन के अस्वस्थ होने की खबर के बाद राज्य में चिंता की लहर है। उनके समर्थक और झामुमो कार्यकर्ता लगातार उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
