स्वच्छ भारत व पौधरोपण उप समिति की बैठक आयोजित
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की स्वच्छ भारत व पौधरोपण उप समिति की बैठक आज चैंबर भवन में आयोजित की गई। बैठक में डॉ. जाकिर हुसैन पार्क की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि उचित देखरेख के अभाव में पार्क जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गया है, जिससे नागरिकों को परेशानी हो रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए रांची नगर निगम को पत्राचार कर पार्क की सफाई और सौंदर्यीकरण की मांग की गई।
हरियाली और पर्यावरण संरक्षण की अनिवार्यता
चैंबर महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने बैठक में कहा कि जीवन के लिए हरियाली और पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की भी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हरियाली बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाना चाहिए।
नगर निगम से पार्क को सुधारने की अपील
उप समिति के चेयरमैन किशन अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम को जल्द से जल्द पहल करनी चाहिए, ताकि यह पार्क परिवारों और बच्चों के लिए घूमने लायक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ और सुंदर पार्क नागरिकों के लिए जरूरी है और इसे प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाना चाहिए।
पौधारोपण अभियान का आयोजन
बैठक के बाद चैंबर भवन के कार्यालयी तल पर पाम के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, उप समिति चेयरमैन किशन अग्रवाल और आनंद जालान सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
