Jharkhand PDS

डॉ. इरफान अंसारी ने किया PDS की 4G क्रांति का शुभारंभ, 2G सिस्टम को कहा अलविदा

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर विधानसभा चुनाव

मुख्य बिंदु-

  • झारखंड में PDS व्यवस्था पूरी तरह हाईटेक, 2G की जगह 4G e-PoS मशीनों का राज्यव्यापी शुभारंभ

  • नववर्ष 2026 पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में गरीबों के सम्मान और अधिकार को मजबूत करने का बड़ा फैसला

  • राज्य की सभी 25,428 PDS दुकानों पर 4G e-PoS मशीनें, तेज़ और पारदर्शी राशन वितरण सुनिश्चित

  • नेटवर्क फेल और फर्जीवाड़े पर रोक, लाभुकों को समय पर और सम्मान के साथ मिलेगा अनाज

  • डीलर कमीशन, e-KYC सरल व्यवस्था और दाल-चीनी जैसी योजनाओं से PDS बनेगा देश का मॉडल सिस्टम


2G को विदा, 4G e-PoS मशीनों से बदलेगा गरीबों का राशन अनुभव

नववर्ष 2026 के अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की जनता को एक ऐतिहासिक और दूरगामी सौगात दी है। वर्षों से जर्जर, धीमी और अविश्वसनीय होती जा रही जन वितरण प्रणाली (PDS) को तकनीकी रूप से पूरी तरह आधुनिक बनाने का फैसला लिया गया है। अब राज्य में 2G तकनीक आधारित मशीनों की जगह अत्याधुनिक 4G सक्षम e-PoS मशीनें लागू की जा रही हैं।

यह निर्णय केवल मशीन बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीबों के अधिकार, सम्मान और भरोसे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह परिवर्तन माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में लिया गया है।

जामताड़ा से 4G e-PoS मशीनों का औपचारिक शुभारंभ

आज जामताड़ा नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने 4G e-PoS मशीनों का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस मौके पर मंत्री ने कहा कि पुरानी 2G मशीनें गरीबों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन चुकी थीं। नेटवर्क फेल, धीमी गति और तकनीकी खामियों के कारण लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता था और कई बार राशन भी नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने इस समस्या को वर्षों तक नजरअंदाज किया, लेकिन मौजूदा सरकार ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाते हुए इसे जड़ से बदलने का निर्णय लिया है।

“अब मशीन नहीं रुकेगी, गरीब नहीं रोएगा”

डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 4G e-PoS मशीनें अब राजधानी की ट्रेन से भी तेज चलेंगी। उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल तकनीकी नहीं है, बल्कि गरीबों के आत्मसम्मान और भरोसे को मजबूत करने का कदम है। सरकार का उद्देश्य है कि हर लाभुक को समय पर और सम्मान के साथ राशन मिले।

हर दुकान, हर लाभुक तक तकनीक

सरकार द्वारा राज्य की सभी 25,428 PDS दुकानों पर 4G नेटवर्क से युक्त e-PoS मशीनें लगाई जा रही हैं। इससे राशन वितरण तेज और निर्बाध होगा, फर्जीवाड़े और बिचौलियों पर रोक लगेगी और पूरी व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी। नेटवर्क और तकनीकी बाधाएं लगभग समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।

डीलरों के साथ भी सरकार खड़ी

मंत्री ने स्पष्ट किया कि जब केंद्र सरकार द्वारा डीलर कमीशन जारी नहीं किया गया, तब भी मुख्यमंत्री के निर्देश पर दुर्गा पूजा के अवसर पर राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से 25,428 PDS डीलरों का कमीशन जारी किया। उन्होंने कहा कि डीलर PDS व्यवस्था का मजबूत स्तंभ हैं और सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है, हालांकि ईमानदारी और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा।

प्रशासनिक और भंडारण व्यवस्था मजबूत

PDS व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वर्षों से रिक्त पदों को भरते हुए सभी जिलों में मार्केटिंग ऑफिसर की बहाली की गई है। साथ ही निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। किसानों के हित में भंडारण क्षमता बढ़ाई जा रही है और जामताड़ा में तीन नए आधुनिक गोदामों को स्वीकृति दी गई है।

दाल-चीनी और पोषण पर सरकार का फोकस

चावल के साथ दाल के निःशुल्क वितरण की योजना पर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसे जल्द लागू किया जाएगा। वहीं, चीनी वितरण में संवेदकों की कमी से हुई देरी को भी शीघ्र दूर करने का दावा किया गया है। सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है—पोषण, सम्मान और खाद्य सुरक्षा।

मुख्यमंत्री की योजनाएं और सामाजिक संदेश

मंत्री ने कहा कि धोती-साड़ी-लुंगी योजना आज पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुकी है। गरीब परिवारों को निःशुल्क वस्त्र देकर सरकार ने यह संदेश दिया है कि गरीबी किसी के सम्मान में बाधा नहीं बनेगी।

राज्य स्तर के प्रमुख आंकड़े

राज्य में कुल PDS दुकानें 25,428 हैं और इतनी ही 4G e-PoS मशीनें लगाई जा रही हैं। कुल लाभुकों की संख्या 2,63,12,688 है। अब तक 2,02,14,135 लाभुकों का e-KYC पूरा हो चुका है, जबकि 60,98,553 का e-KYC शेष है। जांच में 1,94,941 अपात्र लाभुक पाए गए हैं।

e-KYC होगी और आसान

e-KYC को सरल बनाने के लिए e-PoS मशीन और मोबाइल ऐप दोनों माध्यम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आधार अपडेट और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष सहायता तंत्र और दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।

विपक्ष पर हमला

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विपक्ष पर दोहरी राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि लगभग 20 वर्षों तक शासन करने के बावजूद भाजपा ने न PDS दुकानदारों की चिंता की और न ही गरीब लाभुकों के अधिकारों की। उन्होंने कहा कि अब जब सरकार व्यवस्था सुधार रही है, तो विपक्ष अफवाह और भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।

सरकार का संकल्प

मंत्री ने दो टूक कहा कि राज्य सरकार तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक झारखंड का एक भी लाभुक भूखा न रहे। गरीब को अनाज सिर्फ मिलेगा ही नहीं, बल्कि पूरे सम्मान के साथ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *