झारखंड में अलविदा जुमा की छुट्टी की मांग, शिक्षक मोर्चा ने सरकार को सौंपा ज्ञापन.

झारखंड/बिहार

झारखंड में अलविदा जुमा की छुट्टी की मांग, शिक्षक मोर्चा ने सरकार को सौंपा ज्ञापन

रांची: झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा ने राज्य सरकार से 28 मार्च, शुक्रवार को अलविदा जुमा के अवसर पर राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के सचिव को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा के प्रदेश संयोजक अमीन अहमद और प्रवक्ता अरुण कुमार दास ने बताया कि रमज़ान के अंतिम शुक्रवार को अलविदा जुमा मनाया जाता है, जो इस्लाम धर्मावलंबियों के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है

अवकाश तालिका में नहीं मिली जगह

शिक्षक मोर्चा ने कहा कि इस वर्ष जारी राजकीय अवकाश सूची और जेसीईआरटी की स्कूल अवकाश तालिका में अलविदा जुमा की छुट्टी शामिल नहीं की गई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि झारखंड सरकार को अन्य राज्यों की तरह इस दिन अवकाश घोषित करना चाहिए

मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भी भेजी प्रति

संयोजक विजय बहादुर सिंह, अमीन अहमद और प्रवक्ता अरुण कुमार दास ने बताया कि ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और कार्मिक विभाग के उप सचिव को भी भेजी गई है। मोर्चा ने सरकार से अविलंब निर्णय लेने की मांग की है ताकि राज्य के मुस्लिम कर्मचारियों और शिक्षकों को इस विशेष दिन का लाभ मिल सके

अन्य राज्यों में होती है छुट्टी

शिक्षक मोर्चा के अनुसार, कई राज्यों में अलविदा जुमा के दिन सरकारी अवकाश रहता है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को भी इस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए 28 मार्च को राजकीय अवकाश घोषित करना चाहिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *