ब्रेकिंग न्यूज़:
बिहार चुनाव से पहले महागठबंधन में दरार! झामुमो ने की 6 सीटों पर अकेले लड़ने की घोषणा, कहा – “अब हर बार का धोखा बर्दाश्त नहीं”
बिहार में महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर मचा घमासान अब खुलकर सामने आ गया है। सीटों के बंटवारे में देरी से नाराज झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बिहार की 6 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। झामुमो ने साफ किया है कि पार्टी चकाई, धमदाहा, कटोरिया, मनिहारी, जमुई और पीरपैंती सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि, “हर बार झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ अन्याय हुआ है, अब हम इस स्थिति को बर्दाश्त नहीं करेंगे। पार्टी आत्म-सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगी।”
सुप्रियो भट्टाचार्य ने आगे कहा कि अगर बिहार में गठबंधन नहीं बनता है, तो इसका सीधा असर झारखंड की राजनीति पर भी पड़ेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि झामुमो झारखंड में अपने गठबंधन की समीक्षा करेगा।
झामुमो नेता ने कहा, “2019 के विधानसभा चुनाव में हमने राजद को 7 सीटें दीं, उनमें से एक पर जीत मिली, फिर भी उनके विधायक को मंत्री बनाया गया। 2024 में भी हमने 6 सीटें दीं, एक पर जीत हुई और फिर उनके विधायक को मंत्री बनाया गया। लेकिन हमें बिहार में वह मान-सम्मान नहीं मिला।”
झामुमो ने स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी अब स्वतंत्र रूप से मैदान में उतरने जा रही है और जल्द ही अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। सुप्रियो भट्टाचार्य ने यह भी जोड़ा कि यह 6 सीटें बढ़कर 10 भी हो सकती हैं, यानी आने वाले दिनों में गठबंधन के समीकरण और बिगड़ सकते हैं।
