झारखंड में शीतलहर से कांपा जनजीवन, 11 जिलों में घना कोहरा

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर

झारखंड में शीतलहर का प्रकोप, कई जिलों में घना कोहरा, कल से राहत की उम्मीद

रांची। झारखंड में इन दिनों कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। गुमला में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री, जबकि कांके में यह 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड तक पहुंच रहा है। इसी वजह से राज्य के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। बुधवार को भी ठंडी हवा और शीतलहर का असर जारी रहने की संभावना है।

आज पलामू सहित 11 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि बुधवार को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में शीतलहर चल सकती है। लोगों को सुबह और देर रात घर से निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हालांकि, राहत की खबर यह है कि गुरुवार से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके साथ ही रांची सहित आसपास के जिलों में 8 से 11 जनवरी तक आकाश में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे ठंड के तेवर कुछ नरम पड़ सकते हैं।

फिलहाल, ठंड और कोहरे को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम अनावश्यक यात्रा से बचने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *