आखिरकार सरकार ने मासूम बच्चों की फरियाद सुन ली। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी कोटि के सरकारी और ग़ैर सरकारी स्कूलों के KG से 8वीं तक की कक्षाओं को अगले आदेश तक बंद करने का निर्णय लिया है।आठवीं से ऊपर तक के क्लासेस को सुबह 7 से 11:30 बजे तक ही संचालित किया जाएगा। हालांकि, इस दौरान स्कूलों में शिक्षकों और शिक्षाकेत्तर कर्मियों की मौजूदगी अनिवार्य रहेगी। प्रभारी सचिव उमाशंकर शंकर सिंह के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कहा गया है कि, अत्यधिक गर्मी पड़ने और लू के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ को गर्मियों को मिलने वाले समर वेकेशन के लिए अलग से आदेश जारी किया जाएगा। शिक्षकों को प्रतिदिन अपने समय पर स्कूल पहुंचना है। इस दौरान कक्षा 1 से 7 तक के वार्षिक परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करते हुए परीक्षाफल का प्रकाशन, रिपोर्ट कार्ड की तैयारी, ई विद्या वाहिनी में ऑनलाइन प्रविष्टि करने का कार्य करेंगे। यू डाइस में विद्यार्थियों के आंकड़ों की शत प्रतिशत एंट्री का कार्य पूर्ण करना है। विद्यालय के पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की कैटा लॉगिंग करते हुए इसे संधारित करना सुनिश्चित करना है। विद्यालय के सभी प्रकार के पंजी, बैंक पासबुक, कैश बुक इत्यादि का संधारण करना। शैक्षणिक सत्र 2024- 25 के लिए आने वाले विद्यार्थियों का नामांकन कार्य करना। शैक्षिक सत्र 2024- 25 के लिए कक्षावार और विषय पर पाठ योजना और संबंधित शिक्षण अधिगम सामग्री का निर्माण करना। साथ ही सभी शिक्षक अपने क्षमता निर्माण हेतु जय गुरुजी एप्लीकेशन में स्वयं को पंजीकृत करते हुए उसपर उपलब्ध वीडियो कंटेंट का अवलोकन करना।
पत्र में आगे कहा गया है कि, सभी प्रकार के आवासीय विद्यालय पूर्व की भांति संचालित रहेंगी। यह आदेश 30 अप्रैल से लागू होगा।
