मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया जेसोवा दिवाली मेला-2025 का उद्घाटन
रांची के मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) द्वारा आयोजित 5 दिवसीय दिवाली मेला-2025 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जेसोवा संस्था अपने शुरुआती दौर से ही जनहित और सामाजिक कल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रही है।
उन्होंने कहा कि यह संस्था अब अपनी रजत जयंती मना रही है और हर साल की तरह इस बार भी बड़ी उत्साह और उमंग के साथ दिवाली मेला का आयोजन किया गया है।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में जेसोवा की सराहनीय भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेले के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य गरीब और जरूरतमंदों की सहायता के लिए धन जुटाना है। जेसोवा द्वारा अर्जित आय को समाजिक कल्याण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में लगाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जेसोवा की ओर से सामाजिक कार्यों में योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया और एक पुस्तकालय का उद्घाटन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई संस्थाएं मेले आयोजित करती हैं, लेकिन जेसोवा की पहचान गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा से जुड़ी है।
मुख्यमंत्री ने जेसोवा के प्रयासों को सराहा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि जेसोवा मुख्य रूप से आईएएस अधिकारियों की अर्धांगिनियों द्वारा संचालित संस्था है, जो झारखंड में समाजिक उत्थान के लिए सक्रिय है। उन्होंने संस्था के सभी सदस्यों को बेहतर सामाजिक प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी यह संस्था अपने जनसेवा कार्यों से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
कल्पना सोरेन और अतिथियों ने किया मेले का भ्रमण
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मेले का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों का जायजा लिया।
विधायक कल्पना सोरेन ने जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमार, उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता सिन्हा, सचिव श्रीमती मनु झा और अन्य सदस्यों को दिवाली मेले की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
