खनिज संसाधनों से समृद्ध झारखंड बनेगा विकसित भारत का मजबूत आधार: राज्यपाल

झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर राष्ट्रीय ख़बर

रांची में झारखंड माइनिंग एवं कंस्ट्रक्शन शो–2026 का उद्घाटन, राज्यपाल ने बताई खनन क्षेत्र में राज्य की अहम भूमिका

रांची: प्रभात तारा मैदान, धुर्वा में आयोजित तीन दिवसीय द्वितीय संस्करण झारखंड माइनिंग एवं कंस्ट्रक्शन शो–2026 का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। यह आयोजन ओलंपिया एग्जिबिशन प्राइवेट लिमिटेड के तत्वावधान में किया जा रहा है, जो 31 जनवरी तक चलेगा। उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक और खनिज संसाधनों से समृद्ध राज्य है और देश के खनन क्षेत्र में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
देश के खनिज संसाधनों में झारखंड की बड़ी हिस्सेदारी
राज्यपाल ने कहा कि देश के कुल खनिज संसाधनों का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा झारखंड में पाया जाता है, जिससे राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की यह पावन भूमि सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के संकल्प के साथ ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, जिसमें झारखंड की भूमिका अहम है।

उत्तरदायी और तकनीक आधारित खनन पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड माइनिंग एवं कंस्ट्रक्शन शो केवल खनन गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तरदायी और तकनीक आधारित खनन, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, श्रम कल्याण, अधोसंरचना विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी समाहित करता है। उन्होंने विकास और पर्यावरण, उद्योग और श्रमिक हित तथा आर्थिक प्रगति और सामाजिक संतुलन के बीच समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

सतत विकास और श्रमिक कल्याण जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि खनन क्षेत्र का भविष्य सतत विकास, पारदर्शिता और सामाजिक उत्तरदायित्व पर आधारित होना चाहिए। श्रमिकों की सुरक्षा, उनके कल्याण, कौशल विकास और सम्मानजनक जीवन स्तर सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही कंपनियों को कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत जनकल्याण को प्राथमिकता देनी चाहिए।

झारखंड में माइनिंग सेक्टर की असीम संभावनाएं
पूर्व सांसद महेश पोद्दार ने कहा कि माइनिंग सेक्टर में झारखंड की अहमियत काफी अधिक है और यहां असीम संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि माइनिंग सेक्टर में लगातार बदलाव हो रहा है। वर्तमान में एक बिलियन टन कोयले का खनन हो रहा है और आने वाले समय में कोयले के आयात के स्थान पर निर्यात की दिशा में काम किया जा रहा है। स्टील उत्पादन में भी लगातार वृद्धि हो रही है।

देश-विदेश की 100 से अधिक कंपनियों की भागीदारी
ओलंपिया एग्जिबिशन प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन लोकेश चौधरी और सीईओ एसके त्रिपाठी ने बताया कि रांची में दूसरी बार झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में माइनिंग, मिनरल्स, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, पावर, स्टील, सीमेंट और सहायक उद्योगों से जुड़ी देश-विदेश की 100 से अधिक अग्रणी कंपनियां अपनी नवीनतम तकनीक और मशीनरी प्रदर्शित कर रही हैं।
औद्योगिक विकास और निवेश को मिलेगी नई गति
आयोजकों ने बताया कि इस शो का उद्देश्य सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, निजी कंपनियों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। इससे झारखंड में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी।

उद्घाटन समारोह में कई संस्थानों को किया गया सम्मानित
उद्घाटन समारोह में सीसीएल, सीएमपीडीआई, बीसीसीएल, मेकॉन और झारखंड सरकार के भूविज्ञान विभाग के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण लघु उद्योग भारती के पूर्व अध्यक्ष विजय छापरिया ने दिया। इस अवसर पर एमएसएमई झारखंड के इंद्रजीत यादव, डीजीएमएस के निदेशक अजीत कुमार, लघु उद्योग भारती के उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश पांडे, ललित केडिया, सरिता पांडे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *