रांची। भारतीय जनतंत्र मोर्चा के संरक्षक और जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि, विपक्ष भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाने में विफल रहा है, जिससे स्पष्ट है कि सरकार और विपक्ष दोनों ही जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। सरयू राय बुधवार को डोरंडा में भारतीय जनतंत्र मोर्चा की कोर कमेटी की बैठक में बोल रहे थे।

सरयू राय ने कहा कि, राज्य सरकार ने चुनाव के समय खजाना खोला, पर अब बड़ा सवाल यह है कि सरकार अब पैसा कहाँ से लाएगी क्योंकि बजट में इसका प्रावधान नहीं है। उन्होंने बताया कि, झारखंड के हर जिम्मेदार नागरिक को पता है कि इस सरकार पर भ्रष्टाचार के छींटे हैं और गंभीर आरोप लगे हैं। इसके बावजूद विपक्ष भ्रष्टाचार को मुद्दा नहीं बना पा रहा है, जिससे साफ होता है कि विपक्ष भी जनता को ठग रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नीति, रोजगार और आरक्षण जैसे मुद्दे सिर्फ जनता को बेवकूफ बनाने के लिए उठाए जाते हैं।
राय ने कहा कि, शराब और खनन घोटाला आज का नहीं, बल्कि 2015 से चला आ रहा है। कई मामलों में 2015 से अब तक का जिक्र है, लेकिन उस समय के लोगों को संवैधानिक पद दिया जा रहा है। भ्रष्टाचार की महिमा ऐसी है कि देश की सबसे बड़ी पार्टी भी भ्रष्टाचार के आरोपितों को अपने साथ लेने में कोई परहेज नहीं करती।
उन्होंने घोषणा की कि भारतीय जनतंत्र मोर्चा के पदाधिकारी 15 जुलाई से 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी नगरपालिका और विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे और लोगों के फीडबैक के आधार पर प्रदेश स्तर का घोषणा पत्र तैयार करेंगे। विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित होगा, इसलिए जिलावार घोषणा पत्र भी तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारतीय जनतंत्र मोर्चा कम से कम 30 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और सभी सहमत पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव में भाग लेगा।
मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि रांची लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के अलावा नौ केंद्रीय मंत्री तथा कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को चुनाव प्रचार करना पड़ा। इससे साफ होता है कि रांची में चुनाव कैसे हुए थे। उन्होंने बताया कि उन्हें भाजपा में शामिल होकर विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि आज के कार्यकर्ताओं में विधानसभा चुनाव के लिए जोश है और झारखंड की जनता भारतीय जनतंत्र मोर्चा और सरयू राय को आशा भरी निगाहों से देख रही है।
मोर्चा के उपाध्यक्ष पी.एन. सिंह ने कहा कि हर चुनाव कुछ नया सिखाता है। धर्मेंद्र तिवारी जब लोकसभा चुनाव रांची से लड़ रहे थे, तब उन्होंने बहुत करीब से तीसरे धारा को उभरते देखा था। यह तीसरी धारा भारतीय जनतंत्र मोर्चा है। केंद्रीय महासचिव आशीष शीतल मुंडा ने सुझाव दिया कि हर विधानसभा में पांच-पांच बेदाग उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाए और सभी जिलों में जिला सम्मेलन आयोजित कर संगठन का विस्तार किया जाए।
कोर कमेटी की बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष पी.एन. सिंह, मुकेश पांडे, केंद्रीय महासचिव आशीष शीतल मुंडा, संजीव आचार्य, केंद्रीय सचिव सोमेन दत्ता, मनोज सिंह और सभी जिला अध्यक्ष मौजूद थे। स्वागत भाषण रांची के जिलाध्यक्ष अशोक ठाकुर और धन्यवाद ज्ञापन व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुशील कुमार ने किया।