देवघर/दुमका: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देवघर जिले के तपोवन स्थित श्री श्री मोहनानंद +2 विद्यालय में आयोजित बीएलओ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की और चुनावी प्रक्रिया में उनकी भूमिका को अहम बताते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त का दुमका आगमन पर दुमका निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने स्वागत किया। इसके बाद श्री ज्ञानेश कुमार ने सपरिवार दुमका स्थित बाबा वासुकीनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना की।

इससे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ने AIIMS देवघर का भ्रमण किया और वहां के चिकित्सकों से संवाद किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया तथा देशभर में चल रहे मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी साझा की। इस अवसर पर AIIMS देवघर के निदेशक डॉ. नितिन एम. गंगाने ने मुख्य चुनाव आयुक्त का स्वागत किया और संस्थान की उन्नत चिकित्सा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
