टेट पास शिक्षकों के मुद्दों पर संघर्ष मोर्चा की बड़ी जीत, शिक्षा मंत्री से सफल वार्ता
रांची: टेट पास सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा लगातार टेट पास अभ्यर्थियों के अधिकारों और नियुक्तियों को लेकर संघर्ष कर रहा है। इसी कड़ी में मोर्चा की प्रदेश कमिटी के सदस्यों ने 11 और 12 फरवरी को रांची और जमशेदपुर में उच्च अधिकारियों और शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस फैसले लिए।
शिक्षा मंत्री से वार्ता में मिले बड़े आश्वासन
12 फरवरी को मोर्चा के पदाधिकारी शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से मिलने उनके जमशेदपुर स्थित आवास पहुंचे। हालांकि, मंत्री जी किसी अन्य कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण रात 10 बजे घाटशिला में उनसे मुलाकात हुई। इस बैठक में पूर्व विधायक और प्रदेश अध्यक्ष झरीलाल महतो, प्रदेश सचिव मनोज शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मजहर आलम सहित जमशेदपुर जिला कमिटी के प्रमुख सदस्य शामिल हुए।
मुख्य बिंदु और लिए गए निर्णय
👉 शिथिलता को पुनः लागू करने पर सहमति
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ADVOCATE GENERAL से चर्चा कर सहायक आचार्य में शिथिलता बहाल करने के लिए जल्द निर्णय लिया जाएगा।
👉 COMMON अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया तेज होगी
मंत्री जी ने 2015-24 शिक्षक भर्ती की तर्ज पर सहायक आचार्य भर्ती के लिए भी COMMON अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने पर सहमति जताई। 15 फरवरी को वे रांची आकर अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश देंगे।
👉 सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा का परिणाम जल्द जारी होगा
संघर्ष मोर्चा ने Response Key और अंतिम परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग रखी, जिस पर शिक्षा मंत्री सहमत हुए।
👉 उर्दू शिक्षकों की बहाली जल्द होगी
मंत्री जी ने भरोसा दिलाया कि उर्दू शिक्षकों की बहाली प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
👉 शहरी शिक्षकों के एरियर भुगतान पर सहमति
4% शहरी क्षेत्र के शिक्षकों की सेवा 2023 से 2025 तक संपुष्ट कराते हुए एकमुश्त एरियर भुगतान का मामला भी उठाया गया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि यह फाइल कैबिनेट से जल्द पास कराई जाएगी।
👉 विस्थापित शिक्षकों के लिए राहत के संकेत
मंत्री ने कहा कि विस्थापित शिक्षकों की समस्याओं पर भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
👉 CTET और JTET की समस्या का समाधान होगा
मंत्री ने कहा कि सहायक आचार्य भर्ती में CTET और JTET की वजह से उत्पन्न समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा।
शिक्षा सचिव से मुलाकात, COMMON अनुभव प्रमाण पत्र पर चर्चा
11 फरवरी को संघर्ष मोर्चा की टीम ने सचिवालय में शिक्षा सचिव से मुलाकात की और सहायक आचार्य में शिथिलता तथा COMMON अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने पर चर्चा की। शिक्षा सचिव ने बताया कि इस मुद्दे पर फाइल परियोजना निदेशक को भेज दी गई है, जिसके बाद प्रदेश कमिटी ने राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन से मुलाकात की। उन्होंने COMMON अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि अभ्यर्थियों के हित में उचित कदम उठाया जाएगा।
केस वापसी को लेकर असमंजस
संघर्ष मोर्चा ने बताया कि केस वापसी से जुड़ी वार्ता के लिए केस कर्ता गोपाल प्रसाद महतो और उनकी टीम को रांची आना था, लेकिन अंतिम समय में वे नहीं पहुंचे। इसके बाद शाम 7 बजे इस विषय पर पूर्व महाधिवक्ता अजीत कुमार से बातचीत की गई।
संघर्ष मोर्चा का संकल्प – ‘काम किए हैं, आगे भी करेंगे’
संघर्ष मोर्चा ने इस वार्ता के लिए प्रदेश कमिटी और सरायकेला जिला कमिटी के प्रयासों की सराहना की। मोर्चा ने टेट पास शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए यह टीम हमेशा सक्रिय रहेगी।
संघर्ष मोर्चा के प्रमुख सदस्य: झरीलाल महतो, दशरथ ठाकुर, संजय मेहता, मनोज शर्मा, मुख्तार अंसारी, मजहर आलम, सज्जाद हुसैन, नफीस अख्तर, सरफराज अनवर, विपुल दुबे, रजनीकांत पाण्डेय, मनीष पाण्डेय।