सीएम आवास ध्वस्त कर शीश महल बनाने की तैयारी – भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली के अरविंद केजरीवाल की तर्ज पर नया शीश महल बनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार दिल्ली मॉडल से बहुत अधिक प्रभावित है, और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं अरविंद केजरीवाल के संबंध भी काफी मधुर रहे हैं।
मुख्यमंत्री आवास को किया गया जमींदोज
प्रतुल शाहदेव ने बताया कि झारखंड के आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास को भवन निर्माण प्रमंडल-1 द्वारा टेंडर जारी कर ध्वस्त कर दिया गया। यह वही आवास है, जिसमें पिछले ढाई दशकों में कई मुख्यमंत्री निवास कर चुके हैं। उन्होंने इसे ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए कहा कि झारखंड के पहले मुख्यमंत्री से लेकर कई अन्य मुख्यमंत्री इस आवास में रह चुके थे, लेकिन अब इसे पूरी तरह गिराया जा रहा है।
शीश महल के तर्ज पर नए आवास की योजना
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि अब उच्च स्तरीय बैठकों के माध्यम से नए भवन का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। उनकी जानकारी के अनुसार, दिल्ली के शीश महल की तर्ज पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए एक अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नया आवास बनाया जाएगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार ने पहले भी दिल्ली की तर्ज पर कई सरकारी भवनों को मुख्यमंत्री आवास में तब्दील कर दिया है।
हनुमान मंदिर से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं – प्रतुल शाहदेव
प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री आवास परिसर में स्थित हनुमान मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि मंदिर की भव्यता और अस्तित्व पर कोई आंच न आए, क्योंकि यह सनातनियों की आस्था से जुड़ा मुद्दा है।
आदिवासी जनता के साथ क्रूर मजाक – भाजपा
प्रतुल शाहदेव ने झारखंड सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पिछले डेढ़ साल में एक भी अबुआ आवास का गृह प्रवेश नहीं हुआ है, जबकि बड़ी संख्या में लोग आज भी बिना छत के रह रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में अगर सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर मुख्यमंत्री के लिए नया आलीशान आवास बना रही है, तो यह आदिवासी मूलनिवासियों के साथ एक क्रूर मजाक है।
भाजपा ने सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की
भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सत्ताधारी गठबंधन से यह स्पष्ट करने की मांग की कि रांची में बनने वाला नया मुख्यमंत्री आवास वास्तव में शीश महल के तर्ज पर बन रहा है या नहीं। उन्होंने इसे राज्य की जनता के पैसे की फिजूलखर्ची बताया और कहा कि सरकार को इस पर तुरंत सफाई देनी चाहिए।