पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को नजरबंद करने का आरोप, भाजपा बोली – लोकतंत्र की हो रही हत्या
मुख्य बिंदु
-
भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी का दावा – चंपई सोरेन को घर में पुलिस ने नजरबंद किया
-
विपक्ष का धर्म जनता के अधिकारों की रक्षा करना है – मरांडी
-
हेमंत सरकार को चेतावनी, आदिवासी जमीन लूटने नहीं देंगे भाजपा नेता
रांची, 24 अगस्त 2025- झारखंड की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को घर में नजरबंद किए जाने का मामला गरमा गया है। इस मुद्दे को लेकर झारखंड भाजपा अध्यक्ष और नेता विपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है।
मरांडी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि चंपई सोरेन को पुलिस द्वारा नजरबंद किया जाना लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का धर्म है कि वह जनता के साथ खड़ा हो और उनके अधिकारों की रक्षा करे। भाजपा हमेशा आदिवासी समाज के हक की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हेमंत सरकार कान खोलकर सुन ले, आदिवासियों की एक इंच जमीन भी लूटने नहीं दी जाएगी। भाजपा हर परिस्थिति में आदिवासी समाज के अधिकार और उनकी जमीन की रक्षा करेगी।
भाजपा के इस बयान से राज्य की राजनीति और गरमा सकती है। विपक्ष जहां सरकार पर आदिवासी विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगा रहा है, वहीं सत्तापक्ष का रुख अब इस मुद्दे पर क्या होगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।