भाजपा का 11 सितंबर को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा.

झारखंड/बिहार विधानसभा चुनाव

रांची। भाजपा प्रदेश महामंत्री और सांसद आदित्य साहू ने घोषणा की है कि 11 सितंबर को सुबह 11 बजे भाजपा के हजारों कार्यकर्ता सभी जिला मुख्यालयों और प्रखंड मुख्यालयों में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी और उपायुक्त को सौंपा जाएगा।

आदित्य साहू ने बताया कि यह प्रदर्शन जनविरोधी, आदिवासी, दलित, पिछड़ा और महिला विरोधी हेमंत सरकार के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या को फर्जी इनकाउंटर दिखाने का प्रयास किया गया, और इसे सीबीआई जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज केवल इस मामले के परिजन ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के आदिवासी इस हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

आदित्य साहू ने यह भी आरोप लगाया कि रिम्स 2 परियोजना के नाम पर आदिवासी समाज की जमीन हेमंत सरकार द्वारा हड़पने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ आक्रोश है और एक साल के भीतर ही जनता की नजर में हेमंत सरकार का विश्वास खो चुका है।

भाजपा के प्रदर्शन का नेतृत्व विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ नेताओं द्वारा किया जाएगा। रांची मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कांके प्रखंड मुख्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, धालभूमगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, सरिया में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, गिरिडीह में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, रातु में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश, और अनगड़ा में प्रदेश महामंत्री और सांसद आदित्य साहू नेतृत्व करेंगे।

प्रदर्शन में सभी पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि सहित कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *