घाटशिला में भाजपा की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, परिवर्तन की लहर तेज- चंपाई
रांची, 5 नवंबर 2025 | न्यूज़ मॉनिटर रिपोर्ट
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दामपाड़ा के गंधनिया हाट मैदान में आयोजित भाजपा की विशाल जनसभा में उमड़े जनसैलाब ने यह साफ कर दिया कि जनता अब बदलाव के मूड में है।
जनसभा में लोगों की भारी मौजूदगी ने इलाके की राजनीतिक दिशा तय कर दी है। माहौल को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि घाटशिला अब परिवर्तन की दहलीज पर है, बस औपचारिक घोषणा बाकी है।
घाटशिला में बोले हेमंत सोरेन- “यह चुनाव व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं, अधिकार की लड़ाई”
इस कार्यक्रम को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम, वीर सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू, और भाजपा नेता अभय सिंह ने संबोधित किया।
नेताओं ने अपने संबोधन में झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार, रुके हुए विकास कार्यों, और आदिवासी-मूलवासी विरोधी नीतियों पर राज्य सरकार को घेरा। उनका कहना था कि जनता अब इस अक्षम सरकार को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
सभा में भाजपा नेताओं ने जनता से अपील की कि वे कमल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि घाटशिला के विकास की नई राह खोली जा सके।
इस सभा की तस्वीरें और वीडियो पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी अपने सोशल मीडिया पर साझा किए हैं, जिसके बाद यह आयोजन राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि घाटशिला में भाजपा का यह प्रदर्शन आने वाले चुनावों में बड़ा संकेत साबित हो सकता है।
