झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में इलाज के दौरान मंगल मुंडा का निधन
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में इलाज के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा का निधन हो गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा,
“मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय को सहने की शक्ति दें।”

राज्यपाल ने भी जताई संवेदना
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी मंगल मुंडा के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के वंशज को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

सड़क दुर्घटना के बाद रिम्स में भर्ती
कुछ दिनों पहले मंगल मुंडा एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं रिम्स पहुंचे थे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था।
इलाज में देरी के आरोप
मंगल मुंडा के इलाज में देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खबरों के मुताबिक, रिम्स की केंद्रीय इमरजेंसी में उन्हें भर्ती करने में कई घंटे की देरी हुई, जिससे इलाज में बाधा आई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को जांच के आदेश दिए गए हैं।
