Babulal Marandi Jharkhand Crime News

Babulal- “विदेश में छिपे अपराधी के नाम पर रांची तक चल रहा दहशत का कारोबार”

क्राइम झारखंड/बिहार ताज़ा ख़बर

बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला: “झारखंड में लेवी वसूली बेलगाम, अपराधियों का मनोबल चरम पर”

रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में बढ़ते अपराध और अपराधियों के हौसले को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में ‘लेवी वसूली का नेटवर्क’ बेकाबू हो गया है। धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और अब राजधानी रांची तक — एक कथित अपराधी के नाम पर आतंक का कारोबार चल रहा है, जो खुद विदेश में छिपा बैठा है।

व्यापारियों से करोड़ों की वसूली की कोशिश

मरांडी ने बताया कि हाल ही में अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने कई जिलों में लोगों से मुलाकात की। बोकारो, जमशेदपुर और धनबाद जैसे औद्योगिक इलाकों में व्यापारियों ने दबी जुबान में अपनी पीड़ा साझा की। कई व्यवसायियों ने बताया कि उनसे 5 से 10 करोड़ रुपये तक की फिरौती की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि भय का आलम यह है कि अधिकांश लोग अपना नाम उजागर करने तक को तैयार नहीं हैं।

राँची में पुलिस मुठभेड़: सुजीत सिन्हा गिरोह का अपराधी आफताब गोली लगने से घायल.

अब राजधानी रांची भी अछूती नहीं

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अब तो राजधानी रांची के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर को भी करोड़ों रुपये की फिरौती की धमकी दी गई है। यह बताता है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है। मरांडी ने सवाल उठाया कि क्या झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है? यह राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर एक गंभीर प्रश्नचिह्न है।

“विदेश में छिपे अपराधी को भी लाना संभव”

मरांडी ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में इच्छाशक्ति दिखाए, तो विदेश में छिपे अपराधी को भी पकड़कर लाया जा सकता है। लेकिन, अगर उसमें दिक्कत आ रही है, तो कम से कम राज्य में सक्रिय उसके गुर्गों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बहाल हो सके।

विपक्ष ने मांगी सख्त कार्रवाई

उन्होंने सरकार से मांग की कि राज्य में बढ़ती अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाए और जिन जिलों में लेवी का नेटवर्क फैला है, वहां निगरानी और खुफिया तंत्र को और मजबूत किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *