बाबूलाल मरांडी ने उठाया गंभीर मुद्दा: रांची में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार तस्करी और रंगदारी की घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और गोलियां मंगाकर अपराध करने की घटनाओं को गंभीर मामला बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि ये हथियार पंजाब के मोगा से भारत लाए जा रहे हैं और रांची समेत देश के कई हिस्सों में बड़े कारोबारियों, पूंजीपतियों और व्यापारियों को डराकर रंगदारी वसूली के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
दिल्ली में एनकाउंटर: बिहार के कुख्यात ‘रंजन पाठक गैंग’ के 4 अपराधी ढेर.
बाबूलाल ने बताया कि पूरे प्रदेश में रंगदारी और वसूली से व्यापारी वर्ग त्रस्त है। धनबाद में ठेले-खोमचे वालों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक से खुलेआम वसूली की जा रही है। कोयलांचल, बोकारो, जमशेदपुर और राजधानी रांची में व्यापारियों का जीवन आतंक और असुरक्षा के माहौल में गुजर रहा है। कई व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों से मोबाइल नंबर हटाने को मजबूर हो गए हैं, जबकि कुछ ने डर के कारण कारोबार बंद कर राज्य छोड़ दिया है।
उन्होंने पुलिस की खुफिया विफलता पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर पुलिस को इस गिरोह की भनक क्यों नहीं लगी। क्या यह गिरोह वसूली में हिस्सेदारी के कारण पुलिस संरक्षण में था? बाबूलाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की कि वे इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराएं और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
