बिहार चुनाव में जुटीं अंबा प्रसाद, लखीसराय में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में किया रोड शो
लखीसराय | न्यूज मॉनिटर रिपोर्ट
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। अंबा प्रसाद ने बुधवार को लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी अमरेश कुमार अनीश के समर्थन में एक भव्य रोड शो का नेतृत्व किया।
लखीसराय में उमड़ा जनसैलाब
रोड शो के दौरान लखीसराय की सड़कों पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। लोगों ने कांग्रेस के झंडे लहराए और नारे लगाकर पार्टी प्रत्याशी के प्रति समर्थन जताया। इस दौरान अंबा प्रसाद ने कहा कि “यह भीड़ सिर्फ भीड़ नहीं, बल्कि परिवर्तन की लहर है। जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि अब लखीसराय में बदलाव होकर रहेगा।”
“जनता ने बदलाव का मन बना लिया है”
अंबा प्रसाद ने आगे कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी अमरेश कुमार अनीश की जीत अब तय है। उन्होंने कहा कि जनता ने मन बना लिया है कि वह ऐसे उम्मीदवार को चुनेगी जो उनके विकास और सम्मान की बात करे।
“मजबूत और समृद्ध बिहार हमारा लक्ष्य”
कार्यक्रम के समापन पर अंबा प्रसाद ने बिहारवासियों से अपील की कि वे कांग्रेस को अवसर दें ताकि एक मजबूत, समृद्ध और खुशहाल बिहार बनाया जा सके। उन्होंने कहा, “जनता का साथ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम सब मिलकर एक नया और बेहतर बिहार बनाएंगे।”
